सोनकच्छ ग्रामीण मंडल ने निकाली भव्य तिरंगा यात्रा, जगह-जगह पुष्पवर्षा से हुआ स्वागत

सोनकच्छ। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत मंगलवार को सोनकच्छ ग्रामीण मंडल द्वारा गंधर्वपुरी से तालोद तक भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। सोनकच्छ विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. राजेश सोनकर के नेतृत्व में निकली यात्रा में भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
यात्रा का शुभारंभ ग्राम पंचायत भवन गंधर्वपुरी से हुआ। यात्रा में बड़ी संख्या में दोपहिया वाहन शामिल हुए। हाथों में तिरंगा लेकर निकले कार्यकर्ता एवं नागरिक गंधर्वपुरी से तालोद पहुंचे। यात्रा मार्ग में जगह-जगह नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष से पूरा वातावरण राष्ट्रभक्ति से सराबोर रहा।
तिरंगा एक ध्वज नहीं, देश की एकता का प्रतीक
इस अवसर पर विधायक डॉ. राजेश सोनकर ने कहा कि तिरंगा मात्र एक ध्वज नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, गौरव, एकता और अखंडता का प्रतीक है। तिरंगा देश के वीर स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान की याद दिलाता है। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान प्रत्येक नागरिक को राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का स्मरण कराने और देशभक्ति की भावना को मजबूत करने का अवसर है।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को तिरंगे का सम्मान करते हुए देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने के लिए सदैव प्रयासरत रहना चाहिए। नई पीढ़ी को राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति की भावना से जोड़ना भी हम सभी की जिम्मेदारी है।
छात्र-छात्राओं ने बढ़ाया यात्रा का उत्साह
तिरंगा यात्रा में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की। हाथों में तिरंगा लेकर विद्यार्थियों ने देशभक्ति के नारों के साथ यात्रा में हिस्सा लिया। प्रिंसिपल श्याम नायक सहित विद्यालय स्टाफ की सहभागिता से विद्यार्थियों में खासा उत्साह नजर आया। विद्यार्थियों की मौजूदगी ने यात्रा को और भव्य बना दिया।
यात्रा में यात्रा प्रभारी नवीन सोलंकी, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष प्रतिनिधि मदन सिंह धाकड़, मंडल महामंत्री जितेंद्र सिंह, मंडल उपाध्यक्ष संजय गोस्वामी,अजय सिंह चौहान, निरंजन सिंह सेंगर, सोनकच्छ मंडल अध्यक्ष विजेंद्र सिंह मनासा, , मंडल महामंत्री राहुल धाकड़, कान्हा बना सहित भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों ने सहभागिता कर राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया।




