स्वास्थ्य सेवा में लापरवाही पर बीपीएम दीपक चौहान को पदीय दायित्व से हटाया।दो वेतन वृद्धि असंचयी प्रभाव से रोकीं,

सोनकच्छ । स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही बरतने पर विकासखंड सोनकच्छ के ब्लॉक प्रोग्राम मैनेजर (बीपीएम) दीपक चौहान के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई है। कलेक्टर ऋतुराज सिंह के निर्देश पर उनकी दो वेतन वृद्धि असंचयी प्रभाव से रोकने के आदेश जारी किए गए हैं। साथ ही उनका पदीय दायित्व तत्काल प्रभाव से हटाकर कम्यूनिटी मोबिलाइजर पवन सोनेर को सौंपा गया है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के अनुसार, 7 अगस्त को ग्राम गंधर्वपुरी में आयोजित मुख्यमंत्री जन विश्वास शिविर में हितग्राही शबनम पति इमरान ने शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि वर्ष 2023 और 2025 में सीएचसी सोनकच्छ में प्रसव होने के बावजूद उन्हें जननी सुरक्षा योजना एवं प्रसूति सहायता योजना का लाभ नहीं मिला।
अनमोल पोर्टल पर दर्ज शिकायत की समीक्षा में पाया गया कि संबंधित हितग्राही का वर्ष 2023 और 2025 में शासकीय संस्था में प्रसव के लिए पंजीयन हुआ था, लेकिन उन्हें योजनाओं का लाभ नहीं दिया गया। शिविर में जब इस संबंध में बीपीएम दीपक चौहान से जानकारी मांगी गई तो वे संतोषजनक जवाब नहीं दे सके।
अधिकारियों के मुताबिक, चौहान के कार्य में पूर्व में भी लापरवाही सामने आ चुकी है और उनके विरुद्ध वेतन कटौती की कार्रवाई की गई थी। इसके बावजूद कार्यशैली में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। इसे पदीय दायित्वों के निर्वहन में गंभीर लापरवाही मानते हुए अब दो वेतन वृद्धि असंचयी प्रभाव से रोकने की कार्रवाई की गई है। साथ ही बीपीएम का पदीय दायित्व तत्काल प्रभाव से हटाते हुए पवन सोनेर को सौंपा गया है।इसके अलावा श्री चौहान को आगामी आदेश तक अस्थायी रूप से जिला स्तर पर डीपीएमयू देवास में उपस्थित रहकर स्वास्थ्य गतिविधियों की मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए गए हैं।
कलेक्टर सिंह ने स्पष्ट किया कि शासन की प्राथमिकता वाले कार्यक्रमों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। भविष्य में यदि किसी अधिकारी या कर्मचारी द्वारा इस प्रकार की गंभीर चूक की जाती है तो उसके विरुद्ध और भी कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी, जिसमें वेतन कटौती, निलंबन अथवा पद से हटाने तक की कार्रवाई शामिल हो सकती है।




