देवास जिले की सबसे बड़ी बोल बम कावड़ यात्रा का नेवरी में भव्य स्वागत, 1500 शिवभक्तों ने लगाए ‘बोल बम’ के जयकारे

देवास। श्रावण मास में आस्था का जनसैलाब उस समय देखने को मिला जब देवास जिले की सबसे बड़ी बोल बम कावड़ यात्रा धाराजी से उज्जैन की ओर प्रस्थान करते हुए नेवरी पहुंची। नेवरी फाटा स्थित श्री खाटू श्याम समिति द्वारा करीब 1500 कावड़ यात्रियों का पुष्पवर्षा, जयघोष और आत्मीय स्वागत किया गया।

यात्रा में शामिल शिवभक्त भगवान भोलेनाथ के जयकारे लगाते हुए पूरे उत्साह और भक्ति के साथ आगे बढ़ रहे हैं। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं के लिए जलपान, सुलपहार एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। स्थानीय नागरिकों और सामाजिक संगठनों द्वारा सेवा भाव से कावड़ यात्रियों की सेवा की जा रही है, जिससे पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बना हुआ है।
यात्रा संयोजक गिरधर गुप्ता एवं दीपक पंडित ने बताया कि यह विशाल बोल बम कावड़ यात्रा पिछले 30 वर्षों से लगातार आयोजित की जा रही है। उन्होंने कहा कि हर वर्ष हजारों शिवभक्त इस यात्रा में शामिल होकर भगवान महाकाल के दर्शन के लिए कावड़ लेकर पैदल यात्रा करते हैं।




