देवास रोप-वे फिर हुआ शुरू, दिव्यांगों और वरिष्ठजनों को बड़ी राहत

देवास टेकरी पर जन्माष्टमी पर फिर शुरू हुई रोप-वे सेवा

देवास। जन्माष्टमी के पावन अवसर पर देवास की टेकरी स्थित रोप-वे सेवा शुक्रवार, 4 सितंबर को पुनः शुरू कर दी गई। लंबे समय से रोप-वे सेवा बंद होने के कारण टेकरी पर मां चामुंडा और मां तुलजा भवानी के दर्शन के लिए आने वाले दिव्यांगजनों, बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों और अन्य श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। सेवा बहाल होने से श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिली है।
महापौर श्रीमती गीता दुर्गेश अग्रवाल ने बताया कि दर्शनार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जन्माष्टमी के शुभ अवसर पर रोप-वे का पुनः संचालन प्रारंभ किया गया है। इससे विशेष रूप से दिव्यांगजन और वरिष्ठ नागरिक आसानी से टेकरी पर पहुंचकर माता के दर्शन कर सकेंगे।
आयुक्त ने रात में किया रोप-वे का निरीक्षण
रोप-वे शुरू होने के बाद शुक्रवार रात करीब 7:30 बजे नगर निगम आयुक्त दलीप कुमार ने रोप-वे का निरीक्षण किया। उन्होंने संचालन कर रही कंपनी के पदाधिकारियों से चर्चा कर सेवा के सुरक्षित एवं सुचारू संचालन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने स्वयं रोप-वे के माध्यम से मां तुलजा भवानी एवं मां चामुंडा के दर्शन किए और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
श्रद्धालुओं की सुविधा पर रहेगा फोकस
रोप-वे के पुनः शुरू होने से देवास टेकरी पर दर्शन के लिए पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी। खासकर बुजुर्गों, बच्चों और दिव्यांगजनों के लिए टेकरी तक पहुंचना अब पहले की अपेक्षा आसान होगा। जन्माष्टमी के अवसर पर सेवा शुरू होने से श्रद्धालुओं में भी उत्साह देखा गया।




