सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल ने गमगीन परिवारों के बीच पहुंचकर व्यक्त की शोक संवेदना

बागली के अल्प प्रवास के दौरान परिजनों से मिले, क्षेत्र के विकास को लेकर भी रखी बात
बागली। शिक्षक दिवस के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए खंडवा लोकसभा सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल शनिवार को अल्प प्रवास पर बागली पहुंचे। इस दौरान उन्होंने नगर के गमगीन परिवारों के बीच पहुंचकर दिवंगतजनों को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
सांसद पाटिल बागली के शंकर मंदिर मार्ग स्थित गोस्वामी परिवार के निवास पर पहुंचे। यहां उन्होंने वरिष्ठ पेंशनर भगवान गिर महाराज की धर्मपत्नी तथा संकुल प्रभारी शिक्षक महेश गोस्वामी की माताजी के निधन पर परिजनों के बीच बैठकर शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए परिवार को इस कठिन समय में धैर्य रखने का संबल दिया।
इस अवसर पर सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल ने क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि बागली क्षेत्र में बीते वर्षों में विकास को गति मिली है। डबल इंजन सरकार की जनहितैषी नीतियों के चलते क्षेत्र में विकास कार्य लगातार आगे बढ़ रहे हैं।
परिवार की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता देवेंद्र गोस्वामी ने सांसद पाटिल के आगमन पर उनका शिष्टाचार अभिनंदन किया।
इस दौरान भाजपा नेता सुनील पुरोहित, मुकेश गुप्ता, मंडल अध्यक्ष गोविंद यादव, रमेश उपाध्याय, पवन राठौड़ सहित भाजपा कार्यकर्ता एवं अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।




