अवैध मदिरा के खिलाफ आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई

1500 किलो महुआ लाहन, 70 लीटर हाथभट्टी शराब और विदेशी मदिरा जब्त; 5 प्रकरण दर्ज
देवास। अवैध मदिरा के निर्माण, संग्रहण एवं विक्रय के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत आबकारी विभाग देवास ने शनिवार को बागली और बरोठा क्षेत्र में एक साथ कई स्थानों पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान 1500 किलोग्राम महुआ लाहन, 70 लीटर हाथभट्टी कच्ची शराब और 20 पाव विदेशी मदिरा बरामद की गई। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत 1.65 लाख रुपये से अधिक बताई गई है।
जिला आबकारी अधिकारी श्रीमती बसंती भूरिया के मार्गदर्शन में मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर आबकारी वृत्त बागली (अ) के ग्राम मिर्जापुर, पूंजापुरा, उदयपुरा तथा वृत्त देवास (ब) के बरोठा में संदिग्ध ठिकानों पर सघन चेकिंग एवं दबिश दी गई।
तलाशी के दौरान मौके से 20 पाव विदेशी मदिरा (व्हिस्की), 70 लीटर हाथभट्टी कच्ची शराब तथा मदिरा निर्माण में प्रयुक्त करीब 1500 किलो महुआ लाहन बरामद किया गया। महुआ लाहन को नियमानुसार मौके पर नष्ट कराया गया।
मामले में मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम, 1915 की धारा 34(1)(क) के तहत कुल 5 प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिए गए हैं।
कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारी निलेश पवार, आबकारी उपनिरीक्षक गोकुल प्रसाद मेघवाल, रोहित मुकाती, योगेंद्र सिंह ठाकुर, अरविंद सोलंकी एवं दीपक धुरिया सहित आबकारी मुख्य आरक्षक राजेश जोशी, सुरेंद्र वरसी तथा आरक्षक सनत ओझा, निहाल सिंह, आशीष गुप्ता और सविता धाकड़ शामिल रहे।




