स्कूल बस सुरक्षा एप पर दर्ज होगा जिले की हर स्कूल बस का रिकॉर्ड
बस के दस्तावेजों से लेकर चालक के पुलिस वेरिफिकेशन तक होगा ऑनलाइन, बच्चों को लाने-ले जाने वाले ऑटो-मैजिक की जानकारी भी होगी दर्ज

सोनकच्छ। जिले में संचालित सभी स्कूल बसों और बच्चों को स्कूल लाने-ले जाने वाले ऑटो-मैजिक वाहनों का रिकॉर्ड अब “स्कूल बस सुरक्षा एप” पर दर्ज किया जाएगा। शासन के निर्देशों के तहत स्कूल बस संचालकों को वाहनों और चालकों से संबंधित आवश्यक जानकारी ऑनलाइन अपडेट करना अनिवार्य किया गया है।
एप पर बस का पंजीयन नंबर, परमिट, बीमा, फिटनेस प्रमाण-पत्र, प्रदूषण प्रमाण-पत्र सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी दर्ज की जाएगी। इसके साथ ही बस की फोटो, सीटिंग क्षमता, चालक एवं परिचालक का विवरण तथा चालक के लाइसेंस की जानकारी भी अपलोड की जाएगी।
चालक-परिचालक का पुलिस वेरिफिकेशन जरूरी
बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए स्कूल बस के चालक और परिचालक का पुलिस वेरिफिकेशन भी एप पर दर्ज किया जाएगा। संबंधित विभागों द्वारा उपलब्ध कराई गई जानकारी के आधार पर चालक-परिचालक का सत्यापन किया जाएगा। पुलिस वेरिफिकेशन के बिना संबंधित वाहन को बच्चों के परिवहन की अनुमति नहीं देने की व्यवस्था पर जोर दिया जा रहा है।
सुरक्षा उपकरणों की भी होगी जानकारी
स्कूल बसों में उपलब्ध सुरक्षा व्यवस्थाओं का विवरण भी एप पर दर्ज होगा। इसमें फर्स्ट एड बॉक्स, अग्निशमन यंत्र, स्पीड गवर्नर, जीपीएस और सीसीटीवी कैमरे सहित अन्य सुरक्षा उपकरणों की जानकारी शामिल होगी। इससे विभागीय अधिकारियों को स्कूल बसों की सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी में सुविधा होगी।
ऑटो-मैजिक भी होंगे रिकॉर्ड में
स्कूल बसों के अलावा बच्चों को लाने-ले जाने वाले ऑटो-मैजिक वाहनों की जानकारी भी स्कूल बस सुरक्षा एप पर दर्ज की जाएगी। इनमें बच्चों के परिवहन में लगे वाहन, चालक तथा संबंधित दस्तावेजों की जानकारी शामिल की जाएगी।
परिवहन विभाग ने स्कूल बस संचालकों से कहा है कि वे आवश्यक दस्तावेजों के साथ कार्यालय में संपर्क कर वाहनों की जानकारी एप पर अपडेट कराएं। अधिकारियों के अनुसार इस व्यवस्था का उद्देश्य जिले में बच्चों के परिवहन से जुड़े वाहनों का एकीकृत रिकॉर्ड तैयार करना और स्कूली बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना है।




