होम्योपैथी में पंजीकृत डॉक्टर कर रहे थे एलोपैथी से इलाज, धाकड़ क्लीनिक सील
कलेक्टर के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की औचक कार्रवाई, नर्सिंग होम एक्ट के तहत होगी वैधानिक कार्रवाई

सोनकच्छ। पीपलरांवा में संचालित धाकड़ क्लीनिक में पंजीकृत चिकित्सा पद्धति से अलग एलोपैथी पद्धति से उपचार किए जाने का मामला सामने आया है। कलेक्टर ऋतु राज सिंह के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की तीन सदस्यीय टीम ने क्लीनिक का औचक निरीक्षण किया। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर टीम ने क्लीनिक को सील कर दिया।
निरीक्षण के दौरान सामने आया कि क्लीनिक संचालक डॉ. राजकुमार धाकड़ का पंजीयन होम्योपैथी चिकित्सा पद्धति में है, जबकि क्लीनिक में एलोपैथी पद्धति से मरीजों का उपचार किया जा रहा था। सीएमएचओ कार्यालय के रिकॉर्ड में भी उनका पंजीयन एलोपैथी चिकित्सा पद्धति में दर्ज नहीं पाया गया।
स्वास्थ्य विभाग ने पंजीकृत चिकित्सा पद्धति से अलग किसी अन्य पद्धति से उपचार किए जाने को गंभीर नियम उल्लंघन माना है। सीएमएचओ डॉ. सरोजनी जेम्स बेक ने बताया कि मामले में मध्यप्रदेश नर्सिंग होम एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। डॉ. राजकुमार धाकड़ को संबंधित रिकॉर्ड के साथ मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय में उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं।




