देवास पुलिस में संवेदनशील पहल: दिवंगत SI मोतीलाल इस्के की बेटी वर्षा को मिली अनुकंपा नियुक्ति

पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद ने सौंपा सहायक उप निरीक्षक (अ) पद का नियुक्ति आदेश, निष्ठा और अनुशासन से दायित्व निभाने की दी सीख
देवास। पुलिस विभाग में सेवाकाल के दौरान दिवंगत हुए उप निरीक्षक मोतीलाल इस्के के परिवार के प्रति विभाग ने संवेदनशीलता दिखाते हुए उनकी पुत्री सुश्री वर्षा इस्के को अनुकंपा नियुक्ति प्रदान की है। वर्षा इस्के को सहायक उप निरीक्षक (अ) के पद पर नियुक्त किया गया है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय देवास में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद ने वर्षा इस्के को नियुक्ति आदेश प्रदान किया। उन्होंने नवीन दायित्व के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अनुकंपा नियुक्ति दिवंगत पुलिसकर्मियों के परिवारों के प्रति विभाग की संवेदनशीलता और सहयोग का महत्वपूर्ण माध्यम है।
एसपी गेहलोद ने वर्षा इस्के को पूर्ण निष्ठा, अनुशासन और कर्तव्यपरायणता के साथ पुलिस विभाग में अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।
नियुक्ति आदेश प्राप्त करने पर वर्षा इस्के ने पुलिस विभाग एवं वरिष्ठ अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी उन्हें उज्ज्वल भविष्य एवं सफल सेवाकाल की शुभकामनाएं दीं।




