टॉप न्यूज़देवासमध्य प्रदेश

हमारा नगर सबसे सुंदर यह इनाम मिल सकता है बागली को

बागली नगर को सुंदर बनाने में सभी- लोगों की भूमिका सराहनिय है-यादव

बागली। नगर के मुख्य मार्ग एवं बाजार क्षेत्र में बढ़ते यातायात दबाव और आम नागरिकों को हो रही परेशानी को देखते हुए नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि कमल यादव ने अतिक्रमण के खिलाफ खुद मोर्चा संभाल लिया। शनिवार को उन्होंने मुख्य मार्ग पर सड़क किनारे किए गए अस्थायी एवं स्थायी अतिक्रमणों का जायजा लिया और पेवर्स ब्लॉक लगाने के कार्य में बाधा बन रहे दुकानों के ओटलों को हटाने की कार्रवाई शुरू करवाई। कार्रवाई के दौरान स्थानीय वार्ड के पार्षद सहित कुछ दुकानदारों द्वारा ओटले हटाने में आनाकानी किए जाने पर अध्यक्ष प्रतिनिधि यादव ने सख्त रुख अपनाते हुए सभी से नगर विकास में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने मौके पर पैदल चलकर निर्माण एवं सड़क व्यवस्था का निरीक्षण किया और नगर परिषद अमले की मौजूदगी में बुलडोजर से कई ओटले हटवाए।

कार्रवाई के विरोध में रास्ता रोककर बैठे पार्षद

अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई का विरोध करते हुए संबंधित पार्षद अपने समर्थकों के साथ रास्ता रोककर बैठ गए। इससे मौके पर कुछ देर तक गहमागहमी की स्थिति बनी रही। इसी दौरान बागली विधायक मुरली भंवरा भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने मुख्य बाजार को व्यवस्थित एवं सुंदर बनाने के लिए चल रही कार्रवाई का जायजा लिया और व्यापारियों से नगर विकास में सहयोग करने की अपील की।
विधायक भंवरा ने कहा कि बाजार व्यवस्थित और सुंदर होगा तो यहां लोगों की आवाजाही बढ़ेगी तथा व्यापारियों को भी इसका लाभ मिलेगा। उन्होंने दुकानदारों से सड़क एवं फुटपाथ की सीमा में ही अपना सामान रखने की अपील की।

सड़क पर सामान रखने वालों को दी सख्त हिदायत

अध्यक्ष प्रतिनिधि यादव ने सड़क पर फैले सामान, अवैध रूप से लगाए गए ठेले तथा दुकानों के बाहर निकाले गए शेड को लेकर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि दुकानों के बाहर सड़क पर सामान रखने से यातायात प्रभावित होता है और आम लोगों के साथ-साथ ग्राहकों को भी परेशानी होती है।
उन्होंने मौके पर मौजूद नगर परिषद अमले को निर्देश दिए कि जहां भी अतिक्रमण सड़क एवं आवागमन में बाधा बन रहा है, उसे हटाया जाए। साथ ही दोबारा अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई और सामान जब्त करने की चेतावनी दी गई।
‘जनता की परेशानी बर्दाश्त नहीं की जाएगी’
अध्यक्ष प्रतिनिधि कमल यादव ने कहा कि सड़कों और फुटपाथों पर कब्जे के कारण आए दिन जाम की स्थिति बनती है। पैदल चलने वालों, विशेषकर बुजुर्गों और बच्चों को मजबूरी में सड़क पर चलना पड़ता है, जिससे दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
उन्होंने कहा कि नगर का विकास और आम नागरिकों की सुविधा प्राथमिकता है। अतिक्रमण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी दबाव में कार्रवाई नहीं रोकी जाएगी। उन्होंने स्थानीय व्यापारियों एवं दुकानदारों से अपील की कि वे स्वयं अपना सामान निर्धारित सीमा के भीतर रखें।
यादव ने कहा कि प्रशासन किसी का रोजगार छीनना नहीं चाहता, लेकिन नियमों का उल्लंघन कर आम नागरिकों के आवागमन में बाधा डालने की अनुमति भी नहीं दी जा सकती। नगर को व्यवस्थित, स्वच्छ एवं यातायात की दृष्टि से सुगम बनाने के लिए सभी का सहयोग आवश्यक है।

सुनील योगी(पुरस्कृत सम्मानित पत्रकार)

Truth 24 से पुराना रिश्ता, नई जिम्मेदारी… मैं सुनील योगी, लंबे समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। पत्रकारिता मेरे लिए केवल पेशा नहीं, बल्कि समाज की आवाज को जिम्मेदारी और निष्पक्षता के साथ सामने रखने का माध्यम है। Truth 24 सांध्य दैनिक समाचार पत्र से मेरा रिश्ता आज का नहीं, बल्कि वर्षों पुराना और आत्मीय है। जब Truth 24 ने अपने शुरुआती दौर में बागली क्षेत्र में प्रसार शुरू किया था, उस समय समाचार पत्र के प्रबंधन ने मुझ पर विश्वास जताते हुए बागली क्षेत्र की जिम्मेदारी सौंपी थी। उस विश्वास को मैंने हमेशा अपनी जिम्मेदारी समझकर निभाया। समय के साथ परिस्थितियां बदलीं, लेकिन Truth 24 से मेरा जुड़ाव और अपनापन हमेशा कायम रहा। इस दौरान समाचार पत्र के वरिष्ठों का मुझे समय-समय पर सहयोग और मार्गदर्शन मिलता रहा, जिसके लिए मैं हृदय से आभारी हूं। लंबे अरसे बाद एक बार फिर Truth 24 के साथ बागली क्षेत्र की जिम्मेदारी निभाने का अवसर मिला है। यह मेरे लिए केवल जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पुराने रिश्ते को नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ाने का अवसर है। मैं विश्वास दिलाता हूं कि Truth 24 की निष्पक्ष पत्रकारिता, निर्भीकता और जनसरोकारों की आवाज को बागली क्षेत्र में और मजबूती के साथ आगे बढ़ाने का प्रयास करूंगा। Truth 24 के प्रबंधन एवं वरिष्ठों का विश्वास मेरे लिए सम्मान भी है और जिम्मेदारी भी। — सुनील योगी पत्रकार, बागली Truth 24 सांध्य दैनिक समाचार पत्र

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!