ग्राम गंधर्वपुरी में जन चौपाल, एसडीओपी दीपा मांडवे ने दिया शांति का संदेश

सोनकच्छ। थाना सोनकच्छ के ग्राम गंधर्वपुरी में शुक्रवार को जन चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विशेष रूप से एसडीओपी दीपा मांडवे की उपस्थिति रही, जिन्होंने स्वयं ग्रामीणों से संवाद कर आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की।
एसडीओपी दीपा मांडवे ने दोनों समुदायों के लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि त्योहार भाईचारे और एकता के प्रतीक हैं। किसी भी प्रकार की अफवाह या भड़काऊ संदेशों से बचें तथा सोशल मीडिया पर साझा होने वाली जानकारी की सत्यता अवश्य परखें।
थाना प्रभारी अजय गुर्जर ने भी उपस्थित ग्रामीणों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की बात कही।
साइबर और यातायात पर जागरूकता
एसडीओपी दीपा मांडवे द्वारा साइबर अपराधों से बचाव संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। संदिग्ध लिंक, ओटीपी शेयरिंग और ऑनलाइन ठगी से सतर्क रहने की सलाह दी गई।
साथ ही यातायात नियमों का पालन करने की बात कही
कार्यक्रम के अंत में ग्रामीणों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया और शांति व्यवस्था बनाए रखने का संकल्प लिया।




