टॉप न्यूज़धर्ममध्य प्रदेशलोकल न्यूज़शाजापुर

हरतालिका तीज पर महिलाओं ने रखा निर्जला व्रत, शिव-पार्वती की आराधना कर मांगा अखंड सौभाग्य

मक्सी। हरतालिका तीज का पर्व सोमवार को मक्सी नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में श्रद्धा, आस्था और उत्साह के साथ मनाया गया। सुहागिन महिलाओं ने पति की दीर्घायु, अखंड सौभाग्य और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना को लेकर दिनभर निर्जला व्रत रखा। वहीं कुंवारी कन्याओं ने भी मनचाहे एवं योग्य वर की प्राप्ति के लिए व्रत किया।

सुबह से ही घरों और मंदिरों में पूजा-अर्चना का दौर शुरू हो गया। महिलाओं ने स्नान कर नए वस्त्र धारण किए और सोलह श्रृंगार कर भगवान शिव एवं माता पार्वती की विधि-विधान से पूजा की। शिव-पार्वती को फूल, बेलपत्र, फल, नैवेद्य सहित पूजन सामग्री अर्पित की गई। महिलाओं ने माता पार्वती को सुहाग सामग्री चढ़ाकर वैवाहिक जीवन में प्रेम, सुख-शांति और समृद्धि की कामना की।

समूह में सुनी तीज की कथा, भजनों से गूंजा वातावरण

कई स्थानों पर महिलाएं समूह में एकत्रित हुईं और हरतालिका तीज की कथा का श्रवण किया। इसके बाद भजन-कीर्तन एवं तीज के पारंपरिक गीतों का आयोजन हुआ। शाम तक मंदिरों और पूजा स्थलों पर महिलाओं की आवाजाही बनी रही। पर्व को लेकर बाजारों में भी महिलाओं की विशेष चहल-पहल देखने को मिली।

माता पार्वती की तपस्या से जुड़ी है मान्यता

धार्मिक मान्यता के अनुसार हरतालिका तीज माता पार्वती की भगवान शिव को पति रूप में प्राप्त करने के लिए की गई कठोर तपस्या से जुड़ा पर्व है। इसी मान्यता के चलते सुहागिन महिलाएं अखंड सौभाग्य और पति की दीर्घायु के लिए यह कठिन व्रत रखती हैं। कई महिलाओं ने रात्रि में जागरण कर शिव-पार्वती का स्मरण और भजन-कीर्तन किया। पूरे नगर में पर्व को लेकर श्रद्धा और उत्साह का माहौल रहा।

डॉ. सुरेश गुर्जर संवाददाता - मक्सी

मैं सुरेश गुर्जर, मक्सी से संवाददाता हूँ। मैं वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हूँ और पिछले एक वर्ष से ट्रुथ24 से जुड़कर निष्पक्ष एवं जिम्मेदार पत्रकारिता कर रहा हूँ। ट्रुथ24 एक ऐसा समाचार माध्यम है जो दमदारी से खबरें प्रकाशित करता है और सत्य को समाज के सामने लाने का कार्य करता है। जनहित और सच्चाई मेरी पत्रकारिता की प्राथमिकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!