हनुमान धाम में प्रशासनिक अधिकारियों का सम्मान, धर्म-समरसता का संदेश

इंदौर। सफला एकादशी के पावन अवसर पर पिपलिया लोहार स्थित संकट मोचन हनुमान मंदिर एवं खेड़ापति आश्रम शिवनगर में श्रद्धा, सम्मान और सनातन समरसता का अनूठा संगम देखने को मिला। महामंडलेश्वर श्री श्री 1008 हनुमंत साधक राजगुरु जी महाराज के सान्निध्य में आयोजित विशेष समारोह में क्षेत्र के प्रशासनिक अधिकारियों का सम्मान किया गया।
कार्यक्रम में एसडीएम श्री राकेश परमार, तहसीलदार श्री जसदीप रावत एवं पटवारी श्री अमित सरवन का विधिवत शॉल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया। सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए महामंडलेश्वर राजगुरु जी महाराज ने कहा कि सनातन संस्कृति की आत्मा सम्मान में निहित है। समाज और प्रशासन की मजबूती के लिए कर्तव्यनिष्ठ अधिकारियों का सम्मान आवश्यक है, इसी भावना के साथ आश्रम द्वारा यह परंपरा निभाई जा रही है।
कार्यक्रम का स्वागत भाषण ग्राम पंचायत शिवनगर की सरपंच श्रीमती दुर्गा अशोक जरिया ने दिया। आभार प्रदर्शन सरदार मनदीप सिंह बाजवा ने किया। अखिल भारतीय पिछड़ा वर्ग महासेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री राकेश यादव ने अपने उद्बोधन में कहा कि धर्म का मूल उद्देश्य समाज को जोड़ना है। राजगुरु जी महाराज धर्म के माध्यम से सामाजिक समरसता का संदेश दे रहे हैं। उन्होंने जाति-पाति से ऊपर उठकर “हिंदू-हिंदू भाई-भाई” की भावना को आत्मसात करने का आह्वान किया।
एसडीएम श्री राकेश परमार ने आश्रम द्वारा किए जा रहे धार्मिक एवं सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि प्रशासन की ओर से आश्रम के जनहितकारी प्रयासों में हरसंभव सहयोग दिया जाएगा। उन्होंने बड़ी संख्या में पूर्व सरपंचों की उपस्थिति को सामाजिक एकता का सशक्त उदाहरण बताया।
कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार श्री बीडी तिवारी ने अतिथियों का स्वागत किया। संचालन शिक्षाविद् श्री अरुण पांडेय ने किया। अंत में प्रसाद स्वरूप पारंपरिक मालवी व्यंजनों का वितरण किया गया।
इस अवसर पर पंडित विनोद शास्त्री, अशोक जरिया, मनोहर मस्करा, तुलसीराम केलवा, विजय पाटीदार, बृजेश गोस्वामी, सुभाष पाटीदार, सुदीप पाटीदार, मुकेश पाटीदार, कुंदन ठाकुर, जितेंद्र गिरी, दिनेश पुरी, राजा पुरी, उमराव ठाकुर, दीपक लालवानी, विश्वनाथ बुंदेला, इंदर पटेल, भगवान ठाकुर, गोपाल जरिया सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, श्रद्धालु एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।




