क्राइमदेवासबॉलीवुडलोकल न्यूज़

विजयागंज मंडी में खेतों से पनडुब्बी मोटर चोरी का पर्दाफाश, 29 मामलों वाले आरोपी को पुलिस ने पकड़ा

ऑपरेशन त्रिनेत्रम् के तहत CCTV फुटेज और मुखबिर तंत्र से खुलासा; 41 हजार रुपए कीमत की 6 चोरी की मोटरें बरामद, साथी की तलाश जारी

देवास/विजयागंज मंडी। ग्राम कवड़ी क्षेत्र में खेतों के कुओं से पनडुब्बी मोटर चोरी करने के मामले का विजयागंज मंडी पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी गई 6 पनडुब्बी मोटरें, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 41 हजार रुपए है, शत-प्रतिशत बरामद कर ली हैं। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध पूर्व से 29 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। मामले में शामिल उसके अन्य साथी की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार ग्राम कवड़ी निवासी शक्तिपाल सिंह ने 28 जुलाई 2026 को थाना विजयागंज मंडी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। फरियादी ने बताया था कि उसके खेत पर बने कुएं में लगी पनडुब्बी मोटर चोरी हो गई है। इसी तरह क्षेत्र के अन्य खेतों से भी मोटर चोरी होने की जानकारी सामने आई। रिपोर्ट पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 121/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।

CCTV फुटेज से मिली अहम कड़ी

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक देवास पुनीत गेहलोद के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एच.एन. बाथम के मार्गदर्शन तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस अभिषेक गौतम के निर्देशन में थाना प्रभारी विजयागंज मंडी उनि जितेंद्र यादव के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।

पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र में पतारसी करते हुए “ऑपरेशन त्रिनेत्रम्” के तहत गांव एवं आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले। तकनीकी एवं भौतिक साक्ष्यों के साथ मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस को चोरी की वारदात में शशिकांत उर्फ गोलू पिता राणा झाला, उम्र 30 वर्ष, निवासी ग्राम टोंककला, थाना टोंकखुर्द, जिला देवास और उसके एक साथी की संलिप्तता के संबंध में जानकारी मिली।

पूछताछ में चोरी की वारदात का खुलासा

पुलिस ने शशिकांत उर्फ गोलू झाला को गिरफ्तार कर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 28 जुलाई की दरमियानी रात उसने अपने साथी के साथ ग्राम कवड़ी क्षेत्र से पनडुब्बी मोटर चोरी करने की योजना बनाकर वारदात को अंजाम दिया था।

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने 6 पनडुब्बी मोटरें बरामद कीं। बरामद मशरुके की कुल अनुमानित कीमत करीब 41,000 रुपए बताई गई है।

29 आपराधिक प्रकरण दर्ज

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी शशिकांत उर्फ गोलू झाला के विरुद्ध पूर्व से 29 आपराधिक प्रकरण दर्ज होना पाया गया है। प्रकरण में शामिल अन्य आरोपी की तलाश की जा रही है।

यह पुलिस टीम रही शामिल

कार्रवाई में थाना प्रभारी विजयागंज मंडी उनि जितेंद्र यादव, उनि नरेंद्र सिंह भदौरिया, सउनि रामकुमार चौहान, सउनि सुरेश ठक्कर, प्रआर उदयभान, आरक्षक विक्की जूनवाल, आरक्षक राहुल, आरक्षक कुलदीप, आरक्षक विजय एवं आरक्षक चालक अनिल की सराहनीय भूमिका रही।

Rajesh Dhanecha editor in chief

राजेश धनेचा मध्यप्रदेश के एक सक्रिय, निडर और जनसमर्थक पत्रकार हैं, जिन्होंने वर्षों तक अपने मजबूत लेखन, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जमीनी हकीकत को सामने लाने की प्रतिबद्धता से मीडिया जगत में एक अलग पहचान बनाई है। वे ‘Truth 24’ सांध्य दैनिक अख़बार के प्रकाशक, मुद्रक और प्रधान संपादक हैं। आपके नेतृत्व में ‘Truth 24’ प्रदेश के विश्वसनीय और तेज़ी से बढ़ते समाचार माध्यमों में से एक बन चुका है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!