सावन के प्रथम दिन पिपलेश्वर महादेव मंदिर में विशेष रुद्राभिषेक, पूजन-अभिषेक एवं महाआरती संपन्न

सोनकच्छ। पावन श्रावण मास के प्रथम दिवस पर कालीसिंध नदी के तट पर स्थित प्राचीन भगवान पिपलेश्वर महादेव मंदिर, श्री श्री 1008 ब्रह्मालीन बाबा महेश्वरानंद जी महाराज की तपोभूमि पर भगवान शिव का विशेष पूजन, रुद्राभिषेक, आकर्षक श्रृंगार एवं भव्य महाआरती श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ संपन्न हुई। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं संतगण ने भगवान पिपलेश्वर महादेव के दिव्य दर्शन कर जलाभिषेक किया तथा सुख, शांति, समृद्धि एवं विश्व कल्याण की कामना की।
हर वर्ष की परंपरा के अनुसार इस वर्ष भी सावन के प्रथम दिन दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक लगातार वैदिक मंत्रोच्चार के बीच रुद्राभिषेक संपन्न कराया गया। मंदिर के महंत लवंचन्द्र दास जी महाराज ने बताया कि रुद्राभिषेक पंडित दिनेश शर्मा, पंडित अनिल शर्मा एवं पंडित हरिशंकर व्यास द्वारा विधि-विधान से संपन्न कराया गया। अभिषेक के पश्चात भगवान शिव का आकर्षक श्रृंगार किया गया तथा भव्य महाआरती आयोजित की गई, जिसमें श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ भाग लिया।
धार्मिक अनुष्ठान के उपरांत श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। पूरे मंदिर परिसर में “हर-हर महादेव” एवं “बम-बम भोले” के जयघोष से वातावरण भक्तिमय हो उठा। महंत लवंचन्द्र दास जी महाराज ने बताया कि संपूर्ण श्रावण मास में प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक भगवान शिव का रुद्राभिषेक एवं महाआरती का आयोजन नियमित रूप से किया जाएगा। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर भगवान पिपलेश्वर महादेव का आशीर्वाद प्राप्त करने का आग्रह किया।




