उज्जैन में धूमधाम से मना विश्वकर्मा पूजा महोत्सव: महाआरती व विशाल भंडारे में उमड़े श्रद्धालु; धर्मशाला जीर्णोद्धार के लिए बनेगी 25 सदस्यीय समिति

उज्जैन। श्री जुना गुजराती सुथार विश्वकर्मा समाज द्वारा 17 सितंबर 2026 को रामघाट मार्ग, कहारवाड़ी स्थित श्री विश्वकर्मा मंदिर एवं धर्मशाला में श्री विश्वकर्मा पूजा दिवस का भव्य आयोजन किया गया। भक्तिमय माहौल में संपन्न हुए इस कार्यक्रम में मध्यप्रदेश और राजस्थान से आए हजारों समाजजनों ने हवन-पूजन, महाआरती और विशाल भंडारे में सहभागिता की।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 9 बजे धार्मिक विधि-विधान से हवन-पूजन के साथ हुआ, जिसके मुख्य यजमान उन्हेल के अजय विश्वकर्मा (पिता श्री जगदीश विश्वकर्मा) रहे।
सड़क चौड़ीकरण से 10 फीट हिस्सा प्रभावित, जीर्णोद्धार की तैयारी
मुख्य समारोह का संचालन समाज के संरक्षक राधेश्याम शर्मा ने किया। अध्यक्ष गोवर्धन विश्वकर्मा ने प्रगति प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए बताया कि प्रशासनिक सड़क चौड़ीकरण योजना में धर्मशाला का लगभग 10 फीट हिस्सा प्रभावित होने की संभावना है। इसके स्थायी समाधान एवं जीर्णोद्धार के लिए समाज के 25 सदस्यों की एक पारदर्शी निर्माण समिति गठित की जाएगी, जो वरिष्ठों के मार्गदर्शन में पुनर्निर्माण का कार्य संभालेगी।
इसके साथ ही, वर्ष 2028 में आयोजित होने वाले उज्जैन सिंहस्थ महापर्व को ध्यान में रखते हुए समाज को अभी से संगठनात्मक तैयारियों में जुटने का आह्वान किया गया।
मुख्यमंत्री के भ्राता नारायण यादव रहे मुख्य अतिथि
समारोह में मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के भ्राता श्री नारायण यादव ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत कर महाआरती में भाग लिया। मंदिर आगमन पर महासचिव सुनील शर्मा (बामोरा), अध्यक्ष गोवर्धन विश्वकर्मा एवं कार्यकारिणी ने उनका भावभिना स्वागत किया। इस अवसर पर यजमान परिवार का भी विशेष अभिनंदन किया गया।
वित्तीय पारदर्शिता: सार्वजनिक पटल पर रखा आय-व्यय का ब्यौरा
पारदर्शिता की अनूठी मिसाल पेश करते हुए अध्यक्ष गोवर्धन विश्वकर्मा ने वित्तीय वर्ष 2025-26 एवं 2026-27 (अद्यतन) का आय-व्यय पत्रक समाजजनों के सामने प्रस्तुत किया, जिसकी प्रतियां सूचना पटल पर चस्पा की गईं। इसके अतिरिक्त, देवास से युवा संगठन के संजय शर्मा ने हाल ही में आयोजित सामूहिक विवाह सम्मेलन का लेखा-जोखा वाचन कर प्रतियां वितरित कीं।
महाआरती का सस्वर गायन मांगीलाल विश्वकर्मा, दिनेश विश्वकर्मा, मोहनलाल गौतम, रामप्रसाद धनेशा, उमेश शर्मा व अन्य सहयोगियों द्वारा किया गया, जिससे संपूर्ण परिसर जयकारों से गुंजायमान हो उठा।
कार्यक्रम में उपाध्यक्ष घनश्याम शर्मा, संगठन मंत्री दुर्गाप्रसाद सुंद्रेला, सचिव दिनेशचंद्र शर्मा, सहसचिव जगदीशचंद्र तिवारी सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी व गणमान्य जन उपस्थित रहे। अंत में उपाध्यक्ष सुरेशचंद्र शर्मा ने सभी पधारे अतिथियों व समाजजनों का आभार व्यक्त किया।




