दत्तोतर में श्रीमद्भागवत कथा के चतुर्थ दिवस श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की रही धूम, उमड़ी श्रद्धालुओं की अपार भीड़

दत्तोतर (देवास)। ग्राम दत्तोतर में आयोजित सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा के चतुर्थ दिवस पर शुक्रवार को भगवान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर कथा पंडाल में ग्रामीणों एवं आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
कथा व्यास श्री 1008 स्वामी शांति स्वरूपानंद गिरी जी महाराज ने अपने मुखारविंद से भगवान श्रीकृष्ण के दिव्य अवतार, बाल लीलाओं एवं जन्मोत्सव का भावपूर्ण वर्णन किया। श्रीकृष्ण जन्म का प्रसंग आते ही श्रद्धालुओं ने जयघोष, भजन-कीर्तन, पुष्पवर्षा और आरती के साथ नंदलाल का जन्मोत्सव बड़े उत्साह एवं धूमधाम से मनाया।
प्रतिदिन दोपहर 12:00 बजे से 3:00 बजे तक आयोजित हो रही श्रीमद्भागवत कथा में ग्राम दत्तोतर सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर धर्मलाभ प्राप्त कर रहे हैं।
आयोजक सत्यनारायण सेठ ने सभी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में कथा में शामिल होकर श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण करने एवं धर्मलाभ लेने की अपील की है।




