एसबीआई टोंकखुर्द ने मेधावी छात्राओं को दी साइकिल की सौगात

शिक्षा को प्रोत्साहन, उज्ज्वल भविष्य की ओर एक कदम
टोंकखुर्द। भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) शाखा टोंकखुर्द द्वारा शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए दो मेधावी छात्राओं को साइकिल प्रदान की गई। यह साइकिलें शासकीय कन्या माध्यमिक विद्यालय टोंकखुर्द की कुमारी दिशा तिवारी एवं शासकीय मॉडल स्कूल टोंकखुर्द की कुमारी प्रिया कोटडिया को भेंट की गईं।
कार्यक्रम के दौरान शाखा प्रबंधक अर्जुन जाट ने छात्राओं को साइकिल प्रदान करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही सफलता की कुंजी है और बैंक का उद्देश्य मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित कर उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने छात्राओं से मन लगाकर अध्ययन करने तथा अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहने का आह्वान किया।
इस अवसर पर भारतीय स्टेट बैंक टोंकखुर्द का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। साथ ही विद्यालय स्टाफ से अरविंद नागर, मुकेश धाकड़ एवं छात्राओं के पालक भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। सभी ने बैंक की इस पहल की सराहना करते हुए इसे विद्यार्थियों के लिए अत्यंत प्रेरणादायी बताया।
उल्लेखनीय है कि इस प्रकार की पहल से ग्रामीण क्षेत्र की छात्राओं को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहन मिलता है तथा उनकी नियमित विद्यालय उपस्थिति में भी सकारात्मक प्रभाव पड़ता है। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।




