आपसी रंजिश में हत्या, बरोठा पुलिस ने 5 घंटे में दबोचे आरोपी

देवास। थाना बरोठा पुलिस ने आपसी रंजिश के चलते हुई हत्या के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मात्र 5 घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। यह कार्यवाही पुलिस की सक्रियता और प्रभावी रणनीति का परिणाम रही।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 29 दिसंबर 2025 को फरियादी निलेश पटेल (37), निवासी ग्राम कैलोद ने थाना बरोठा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि ग्राम कैलोद के डाबरी चौराहे पर उसके पिता मांगीलाल पटेल (55) के साथ गांव के ही राजेश पटेल एवं राजवीर पटेल ने पुरानी रंजिश के चलते लकड़ी के डंडों से बेरहमी से मारपीट की। हमले में मांगीलाल को शरीर के विभिन्न हिस्सों में गंभीर चोटें आईं, जिन्हें उपचार हेतु अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना बरोठा में अपराध क्रमांक 525/2025 धारा 103(1), 3(5) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई। पुलिस अधीक्षक देवास श्री पुनीत गेहलोद के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) श्री जयवीर सिंह भदौरिया एवं उप पुलिस अधीक्षक (एल-आर) श्री संजय शर्मा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक श्रीमती सविता सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने विश्वसनीय मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपी राजेश पटेल के खेत में स्थित पुरानी गिट्टी खदान के पीछे बनी टापरी से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों से पूछताछ के बाद अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी
राजेश पिता सालागराम पटेल (48), निवासी ग्राम कैलोद
राजवीर पिता राजेश पटेल (18 वर्ष 10 माह), निवासी ग्राम कैलोद
आपराधिक रिकॉर्ड
मुख्य आरोपी राजेश पटेल के विरुद्ध पूर्व में भी मारपीट एवं धमकी से संबंधित प्रकरण दर्ज हैं।
सराहनीय भूमिका
इस सफल कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक श्रीमती सविता सिंह जाटव, उनि मलखान सिंह भाटी, सउनि ईश्वर मंडलोई सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सराहनीय भूमिका रही।




