बाबा भुतेश्वर महादेव की भव्य कावड़ एवं कलश यात्रा में उमड़ा आस्था का जनसैलाब

देवास। श्रावण मास के पावन अवसर पर ग्राम सिधनी एवं बिजेपुर से बाबा भुतेश्वर महादेव की भव्य कावड़ एवं कलश यात्रा श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ निकाली गई। यात्रा ग्राम सिधनी-बिजेपुर से प्रारंभ होकर निकलेश्वर महादेव मंदिर पहुंची, जहां भगवान शिव का विधि-विधान से जलाभिषेक एवं पूजन-अर्चन किया गया।
यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। पूरा मार्ग “हर-हर महादेव” एवं “बम-बम भोले” के जयघोष से गूंज उठा। महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर यात्रा में भाग लिया, वहीं बड़ी संख्या में कांवड़िए भगवान शिव के प्रति अपनी अटूट आस्था का परिचय देते हुए शामिल हुए।
मार्ग में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं एवं सामाजिक संगठनों द्वारा कांवड़ यात्रियों का पुष्पवर्षा एवं हार पहनाकर भव्य स्वागत किया गया। साथ ही प्रसाद एवं शीतल पेयजल का वितरण कर पुण्य लाभ अर्जित किया गया।
इस धार्मिक आयोजन में ग्राम सिधनी एवं बिजेपुर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। समस्त ग्रामवासियों के सहयोग से यात्रा शांतिपूर्ण, भक्तिमय एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुई।




