ऑनलाइन बिजनेस के नाम पर ₹9 लाख की ठगी का खुलासा, गुजरात से 3 आरोपी गिरफ्तार

बैंक खाते खुलवाकर बेचते थे, ठगी की रकम से ₹3.70 लाख नकद बरामद; मामले में अब तक 8 आरोपी पुलिस गिरफ्त में
देवास। ऑनलाइन बिजनेस में मुनाफे का लालच देकर ₹9 लाख की साइबर ठगी के मामले में देवास पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गुजरात के अहमदाबाद से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से ठगी की रकम में से ₹3.70 लाख नकद बरामद किए गए हैं। इस मामले में अब तक कुल 8 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
पुलिस के अनुसार चापड़ा निवासी शुभम को ऑनलाइन बिजनेस और टारगेट पूरा करने का झांसा देकर अलग-अलग माध्यमों से कुल ₹9 लाख की ठगी की गई थी। शिकायत पर थाना कमलापुर में अपराध क्रमांक 189/2025 के तहत धारा 318(4) बीएनएस में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। पूर्व में पुलिस पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी थी, जबकि फरार आरोपियों की तलाश जारी थी।
पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद के निर्देशन में गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र के आधार पर आरोपियों की लोकेशन गुजरात में ट्रेस की। इसके बाद पुलिस टीम अहमदाबाद पहुंची और 3 अक्टूबर 2026 को तीन आरोपियों अमित यादव, निखिल भदोरिया और निशंक सिंह राठौड़ को गिरफ्तार कर लिया।
बैंक खाते खुलवाकर बेचने का खुलासा
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उनके द्वारा बैंक खाते खुलवाकर महिपाल सिंह नामक व्यक्ति को बेचे गए थे। पुलिस के मुताबिक इन खातों को ट्रेडिंग के नाम पर खरीदा गया था। इन्हीं खातों के जरिए ठगी की रकम के लेन-देन की कड़ी सामने आई है।
तीनों आरोपियों को 4 अक्टूबर को न्यायालय बागली में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस अब आरोपियों से ठगी के नेटवर्क, बैंक खातों के इस्तेमाल और अन्य संलिप्त लोगों के संबंध में पूछताछ कर रही है।
पुलिस की इस कार्रवाई से ऑनलाइन बिजनेस के नाम पर चल रहे ठगी के नेटवर्क की कई महत्वपूर्ण कड़ियां सामने आने की उम्मीद है।




