टॉप न्यूज़देवासमध्य प्रदेशलोकल न्यूज़

टावर पर चढ़ी महिला को डायल-112 की टीम ने सुरक्षित उतारा

🚨 200 फीट ऊंचे BSNL टावर पर चढ़ी महिला, मचा हड़कंप

पति से मिलने की बात लिखकर ऊपर से फेंकी चिट्ठी; करीब दो घंटे तक चला समझाइश का दौर, डायल-112 की तत्परता से सुरक्षित नीचे उतरी महिला

बागली। बागली जनपद अंतर्गत ग्राम पंचायत सेवनिया की एक शादीशुदा महिला रविवार शाम बागली स्थित BSNL के करीब 200 फीट ऊंचे टावर पर चढ़कर बैठ गई। महिला ने टावर के ऊपर से चिट्ठी लिखकर नीचे फेंकी, जिसमें मोबाइल नंबर के साथ अपने परिजनों और पति से मिलने की बात लिखी थी। महिला के टावर पर चढ़ने की सूचना मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही देवास डायल-112 की एफआरवी-16 तत्काल मौके के लिए रवाना हुई। एफआरवी में तैनात सैनिक 208 गुलाब सिंह पटेल एवं पायलट प्रवीण पटेल मौके पर पहुंचे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने महिला से संयम और संवेदनशीलता के साथ संवाद शुरू किया।

इधर मौके पर बागली विधायक मुरली भंवरा, नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि कमल यादव, थाना प्रभारी, महिला पुलिस बल एवं चिकित्सकीय टीम सहित बड़ी संख्या में लोग पहुंच गए। टावर के नीचे लोगों की भीड़ जमा हो गई। महिला को सुरक्षित नीचे उतरने के लिए माइक के माध्यम से लगातार समझाइश दी गई।

पति को बुलाने की बात पर अड़ी महिला

महिला ने नीचे उतरने से पहले अपने पति और परिजनों को मौके पर बुलाने की बात कही। पुलिस टीम ने तत्काल उसके पति एवं परिजनों से संपर्क कर उन्हें मौके पर बुलाया। इस दौरान महिला से लगातार बातचीत कर उसे सुरक्षित नीचे आने के लिए समझाया जाता रहा।

करीब दो घंटे तक चले इस घटनाक्रम में लोगों की निगाहें लगातार टावर पर टिकी रहीं। ऊंचाई अधिक होने के कारण किसी भी तरह की जल्दबाजी से बचते हुए पुलिस और मौके पर मौजूद टीम ने धैर्यपूर्वक महिला को समझाने का प्रयास जारी रखा।

पति एवं परिजनों के मौके पर पहुंचने के बाद महिला से पुनः बातचीत की गई। आखिरकार समझाइश के बाद महिला टावर से सुरक्षित नीचे उतर आई।

नीचे उतरते ही कराया स्वास्थ्य परीक्षण

महिला के सुरक्षित नीचे उतरते ही मौके पर मौजूद चिकित्सकीय टीम ने उसका स्वास्थ्य परीक्षण किया। प्राथमिक चिकित्सा के बाद आवश्यक समझाइश देते हुए महिला को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।

करीब दो घंटे तक चले इस घटनाक्रम के दौरान टावर के नीचे बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। महिला के सुरक्षित नीचे उतरने के बाद मौके पर मौजूद लोगों और परिजनों ने राहत की सांस ली।

डायल-112 की तत्परता से संभली स्थिति

घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 एफआरवी-16 का मौके पर पहुंचना और पुलिस टीम द्वारा महिला से लगातार संवाद बनाए रखना महत्वपूर्ण रहा। पुलिस की समझाइश, परिजनों की मौजूदगी और चिकित्सकीय टीम की सतर्कता के बीच महिला को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।

Rajesh Dhanecha editor in chief

राजेश धनेचा मध्यप्रदेश के एक सक्रिय, निडर और जनसमर्थक पत्रकार हैं, जिन्होंने वर्षों तक अपने मजबूत लेखन, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जमीनी हकीकत को सामने लाने की प्रतिबद्धता से मीडिया जगत में एक अलग पहचान बनाई है। वे ‘Truth 24’ सांध्य दैनिक अख़बार के प्रकाशक, मुद्रक और प्रधान संपादक हैं। आपके नेतृत्व में ‘Truth 24’ प्रदेश के विश्वसनीय और तेज़ी से बढ़ते समाचार माध्यमों में से एक बन चुका है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!