टॉप न्यूज़मध्य प्रदेशलोकल न्यूज़

खेल मैदान पर स्कूल निर्माण का विरोध तेज, सड़क पर क्रिकेट-फुटबॉल खेलकर जताया आक्रोश

मैदान बचाओ समिति बोली— खिलाड़ियों का हक छीना तो सड़कों पर ही होगा खेल, वैकल्पिक भूमि पर बने स्कूल

नीमच, 1 अगस्त। शहर के ऐतिहासिक खेल मैदान पर प्रस्तावित संदीपनी हायर सेकेंडरी स्कूल के निर्माण का विरोध अब खुलकर सामने आने लगा है। शनिवार को मैदान बचाओ समिति के बैनर तले खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों और नागरिकों ने भारत माता चौराहा (फोर जीरो) पर सड़क पर क्रिकेट और फुटबॉल खेलकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि यदि खेल मैदानों पर निर्माण होता रहा तो आने वाले समय में बच्चों और खिलाड़ियों को मजबूर होकर सड़कों पर खेलना पड़ेगा।

समिति ने स्पष्ट किया कि उनका विरोध स्कूल शिक्षा से नहीं, बल्कि खेल मैदान पर स्कूल भवन बनाए जाने से है। उनका कहना है कि शिक्षा और खेल दोनों समाज के लिए समान रूप से आवश्यक हैं, इसलिए स्कूल का निर्माण किसी अन्य उपयुक्त सरकारी भूमि पर किया जाए और शहर के इस प्रमुख खेल मैदान को सुरक्षित रखा जाए।

प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि यह मैदान वर्षों से क्रिकेट, फुटबॉल, एथलेटिक्स सहित विभिन्न खेलों का प्रमुख केंद्र रहा है। यदि यहां निर्माण किया गया तो हजारों खिलाड़ियों और युवाओं के पास अभ्यास के लिए कोई समुचित स्थान नहीं बचेगा। समिति ने इसे खिलाड़ियों के भविष्य और शहर की खेल संस्कृति पर सीधा प्रहार बताया।

विरोध प्रदर्शन के दौरान समिति सदस्यों ने कहा कि सड़क पर खेलना केवल प्रतीकात्मक प्रदर्शन नहीं, बल्कि भविष्य की संभावित तस्वीर है। उनका कहना था कि यदि आज मैदान नहीं बचाए गए तो कल बच्चों के पास खेलने के लिए सड़कें ही एकमात्र विकल्प रह जाएंगी, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ेगा।

समिति ने शासन, प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से मांग की कि खेल मैदान को संरक्षित रखते हुए संदीपनी हायर सेकेंडरी स्कूल के लिए वैकल्पिक भूमि उपलब्ध कराई जाए। साथ ही शहरवासियों से इस जनहित आंदोलन में शामिल होकर आने वाली पीढ़ियों के खेल, स्वास्थ्य और भविष्य को सुरक्षित रखने की अपील की गई।

प्रदर्शन में मैदान बचाओ समिति के पदाधिकारी, खिलाड़ी, खेल प्रेमी एवं बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए। सभी ने एक स्वर में खेल मैदान बचाने और स्कूल निर्माण के लिए वैकल्पिक स्थान चयन की मांग दोहराई।

Rajesh Dhanecha editor in chief

राजेश धनेचा मध्यप्रदेश के एक सक्रिय, निडर और जनसमर्थक पत्रकार हैं, जिन्होंने वर्षों तक अपने मजबूत लेखन, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जमीनी हकीकत को सामने लाने की प्रतिबद्धता से मीडिया जगत में एक अलग पहचान बनाई है। वे ‘Truth 24’ सांध्य दैनिक अख़बार के प्रकाशक, मुद्रक और प्रधान संपादक हैं। आपके नेतृत्व में ‘Truth 24’ प्रदेश के विश्वसनीय और तेज़ी से बढ़ते समाचार माध्यमों में से एक बन चुका है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!