ग्राम घटिया भाना में दो दिवसीय श्री मेघनाथ मेला कल से

सोनकच्छ। समीपस्थ ग्राम घटिया भाना में प्रतिवर्ष आयोजित होने वाला पारंपरिक श्री मेघनाथ मेला इस वर्ष 2 मार्च से प्रारंभ होकर 3 मार्च धुरेड़ी तक दो दिनों तक आयोजित किया जाएगा। मेला 2 मार्च पूर्णिमा से आरंभ होगा और अगले दिन तक श्रद्धालुओं व ग्रामीणों की आस्था और उत्साह के साथ जारी रहेगा।
मेला समिति द्वारा श्रद्धालुओं के मनोरंजन एवं सुविधा के लिए आकर्षक झूले, घरेलू उपयोग की वस्तुओं की दुकानें, मिठाई एवं विशेष रूप से जलेबी की दुकानें सजाई जाएंगी। ग्रामीण परिवेश में लगने वाला यह मेला क्षेत्रवासियों के लिए उत्सव जैसा वातावरण निर्मित करता है।
दो दिवसीय आयोजन के दौरान रात्रि में धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे, जिनमें स्थानीय कलाकारों द्वारा प्रस्तुतियां दी जाएंगी। मेले का मुख्य आकर्षण गल महाराज की परिक्रमा रहेगी, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे।
यह मेला केवल धार्मिक आयोजन भर नहीं है, बल्कि सामाजिक समरसता, आपसी भाईचारे और सांस्कृतिक विरासत को संजोने का एक महत्वपूर्ण माध्यम भी है।
मेला समिति ने समस्त क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे परिवार सहित मेले में पधारकर इस पावन एवं पारंपरिक आयोजन का आनंद लें।




