श्री नागचन्द्रेश्वर भिलट देव मंदिर में भव्य प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का शुभारंभ
ध्वज रोपण के साथ हुआ शुभारंभ, 19 से 23 मार्च तक होंगे विविध धार्मिक आयोजन

सोनकच्छ। लक्ष्मीनगर सांवेर स्थित श्री नागचन्द्रेश्वर भिलट देव मंदिर में आयोजित भव्य प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का शुभारंभ रविवार, 22 फरवरी को श्रद्धा एवं उत्साह के साथ ध्वज रोपण कार्यक्रम द्वारा किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ धर्मध्वजा स्थापित की गई। इस पावन अवसर पर पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण निर्मित हो गया और श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।
ध्वज रोपण कार्यक्रम में डॉक्टर आशु दीदी किन्नर, पार्षद दीपशिखा यादव, जनपद सदस्य प्रतिनिधि पप्पी यादव, सुरेश सेन सहित अनेक गणमान्यजन एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी ने विधिपूर्वक ध्वज पूजन कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति एवं मंगलकामना की।
मंदिर समिति से प्राप्त जानकारी के अनुसार 19 मार्च से 23 मार्च तक पांच दिवसीय धार्मिक आयोजन होंगे।
19 मार्च को भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें नगर एवं आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे।
प्रतिदिन यज्ञ, हवन, नित्याचार पूजन एवं विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए जाएंगे।
23 मार्च को पूर्णाहुति एवं महाप्रसादी वितरण के साथ महोत्सव का समापन होगा।
मंदिर समिति ने सभी धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से आग्रह किया है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस पावन प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव में सहभागिता करें और सनातन धर्म के इस महाअनुष्ठान को सफल बनाएं।




