परीक्षा की आड़ में बच्चों से करवाई शौचालय की सफाई, वीडियो वायरल होने पर मचा बवाल
शिक्षा का काला सच: नन्हें बच्चों से साफ करवाए गए शौचालय, बिना शर्ट के करनी पड़ी सफाई

शाजापुर। जिले के ग्राम पिपलिया गोपाल स्थित शासकीय प्राथमिक स्कूल में एक शिक्षक द्वारा छात्र-छात्राओं से शौचालय और बाथरूम की सफाई करवाने का गंभीर मामला सामने आया है। वायरल वीडियो में बच्चे बिना शर्ट के शौचालय साफ करते नजर आ रहे हैं, जिसके बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया है।
वायरल वीडियो से खुला राज
सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में स्कूल के शिक्षक फजल एक बच्चे से शौचालय साफ करवाते दिख रहे हैं। सफाई के दौरान बच्चे की शर्ट उतरी हुई थी। मामला प्रकाश में आने के बाद नाराज अभिभावक स्कूल पहुंचे और जमकर हंगामा किया।
छात्राओं ने भी लगाए आरोप
केवल छात्र ही नहीं, बल्कि स्कूल की छात्राओं ने भी गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनसे आए दिन झाड़ू लगवाई जाती है और साफ-सफाई का काम करवाया जाता है।
परीक्षा का बहाना
कक्षा 6 के छात्र लकी ने बताया कि शिक्षक फजल ने उन्हें परीक्षाओं का हवाला देते हुए कहा था कि बाहर के गांवों से बच्चे आने वाले हैं, इसलिए सफाई करनी जरूरी है।
अभिभावक देवी सिंह ने कहा कि जब वे स्कूल पहुंचे तो उन्होंने खुद देखा कि बच्चे बिना कपड़ों के शौचालय साफ कर रहे थे। इससे पूरे गांव में आक्रोश फैल गया है।
शिक्षक ने किया इनकार
आरोपों के जवाब में शिक्षक फजल ने अपनी सफाई देते हुए कहा कि उन्होंने बच्चों से शौचालय साफ नहीं करवाया। उन्होंने केवल स्कूल परिसर में गिरे सूखे पत्ते उठाने के लिए कहा था। उन्होंने बाथरूम साफ कराने की बात को पूरी तरह खारिज कर दिया है।
प्रशासन सख्त, जांच के आदेश
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला परियोजना समन्वयक धीरज बिरथरिया ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बीआरसी और जनशिक्षक को मौके पर भेजा है। उन्होंने कहा, “मामला मेरे संज्ञान में आया है। विस्तृत जांच के निर्देश दिए गए हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषी पाए जाने पर संबंधित शिक्षक के खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।”
अब देखना है कि प्रशासन इस मामले में क्या कार्रवाई करता है और दोषी शिक्षक को क्या सजा मिलती है।




