बंदियों के व्यवहार सुधार हेतु जिला जेल शाजापुर में दो दिवसीय शिव महापुराण कथा का आयोजन
शिव महापुराण कथा का सभी बंदियों ने बड़ी श्रद्धा एवं एकाग्रता के साथ श्रवण किया

शाजापुर, 12 फरवरी 2026
जिला जेल शाजापुर में बंदियों के मानसिक, नैतिक एवं व्यवहारिक सुधार के उद्देश्य से 11 एवं 12 फरवरी 2026 को दो दिवसीय शिव महापुराण कथा का आयोजन किया गया। जिला जेल अधीक्षक श्री दुष्यंत कुमार पगारे ने जानकारी देते हुए बताया कि इस धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम में जेल में निरुद्ध बंदियों के साथ-साथ जेल स्टाफ ने भी सहभागिता की।
शिव महापुराण कथा का सभी बंदियों ने बड़ी श्रद्धा एवं एकाग्रता के साथ श्रवण किया। कथा के दौरान प्रस्तुत किए गए संगीत मय भजनों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। कार्यक्रम का उद्देश्य बंदियों के जीवन में सकारात्मक सोच, संयम एवं नैतिक मूल्यों का विकास करना रहा।
जेल अधीक्षक श्री पगारे ने बताया कि संपूर्ण कार्यक्रम पूर्ण सुरक्षा व्यवस्था के साथ शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। इस प्रकार के आयोजनों से बंदियों के व्यवहार में सुधार के साथ-साथ उनके पुनर्वास की दिशा में भी सकारात्मक प्रभाव पड़ता है।




