विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने बांधा समां। 77 वां गणतंत्र दिवस सोनकच्छ में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया

सोनकच्छ।नगर सोनकच्छ में 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर गरिमामय, भव्य एवं उत्साहपूर्ण समारोह का आयोजन पूरे हर्षोल्लास के साथ किया गया। मुख्य झंडा वंदन कार्यक्रम उत्कृष्ट विद्यालय सोनकच्छ में आयोजित हुआ, जिसमें मुख्य अतिथि जनपद पंचायत अध्यक्ष सूरजसिंह ठाकुर उपस्थित रहे। उन्होंने ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी तथा नगर वासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में नगर परिषद अध्यक्ष श्रुति सिंह बघेल, उपाध्यक्ष,पार्षद कृष्णपाल सिंह बघेल, अनुविभागीय अधिकारी प्रिया चंद्रावत, जनपद पंचायत सीईओ गीतिका सोनी, तहसीलदार संजय गर्ग, मुख्य नगर परिषद अधिकारी अमरदास सेनानी , बीईओ सी एल पेठारी, बीआरसी संतोष शर्मा, बीएमओ राकेश कुमार सहित बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं नागरिक उपस्थित रहे।


राष्ट्रीय पर्व की शुरुआत प्रातः प्रभात फेरी से हुई, जिसमें स्कूली छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं नगरवासियों ने हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति नारों के साथ नगर भ्रमण किया। प्रभात फेरी के दौरान संपूर्ण नगर देशभक्ति के वातावरण में सराबोर नजर आया।
मुख्य समारोह के दौरान ध्वजारोहण के पश्चात पुलिस जवानों द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर एवं ध्वज सलामी दी गई। राष्ट्रगान एवं मध्यप्रदेश गान के सामूहिक गायन से वातावरण राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत हो गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन भी किया गया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियां रहीं आकर्षण का केंद्र
26 जनवरी को आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में नगर एवं ग्रामीण क्षेत्र की कुल 11 शासकीय एवं अशासकीय शिक्षण संस्थाओं के विद्यार्थियों ने सहभागिता की। विद्यार्थियों ने देशभक्ति, भारतीय संस्कृति, स्वतंत्रता संग्राम, सामाजिक सरोकारों एवं राष्ट्रनिर्माण जैसे विषयों पर आधारित प्रभावशाली प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया।
सरस्वती शिशु विद्या मंदिर के विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत पर समूह नृत्य प्रस्तुत किया। एम एजुकेशन एकेडमी जलेरिया द्वारा भारतीय संस्कृति पर आधारित पारंपरिक नृत्य की प्रस्तुति दी गई। पायोनियर इंटरनेशनल स्कूल के विद्यार्थियों ने वुमन इंपावरमेंट आधारित समूह नृत्य प्रस्तुत कर सराहना बटोरी।
लिटिल फ्लावर कॉन्वेंट स्कूल द्वारा छत्रपति संभाजी महाराज के शौर्य एवं गौरवशाली इतिहास पर आधारित नाट्य प्रस्तुति दी गई। शासकीय कन्या मावि सोनकच्छ की बालिकाओं ने “ओल्ड होम डेज” विषय पर संवेदनशील नाटक प्रस्तुत किया। कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावास की छात्राओं ने आत्मनिर्भर बेटी विषय पर प्रेरक प्रस्तुति दी।
संत एंथोनी कॉन्वेंट स्कूल द्वारा देशभक्ति समूह नृत्य प्रस्तुत किया गया। एडवांस एकेडमी सोनकच्छ के विद्यार्थियों ने कल्चरल आधारित देश रंगीला सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुत किया। उत्कृष्ट उमावि सोनकच्छ द्वारा ‘ऑपरेशन सिंदूर’ विषय पर प्रेरक प्रस्तुति दी गई। आंगनवाड़ी वार्ड क्रमांक 05 के नन्हे बच्चों ने योग पर आधारित गीत पर मनमोहक प्रस्तुति दी। वहीं पी.बी. जाट शासकीय कन्या उमावि सोनकच्छ द्वारा अहमदाबाद प्लेन क्रैश पर आधारित संवेदनशील नाट्य प्रस्तुति प्रस्तुत की गई।
विद्यार्थियों की सजीव, अनुशासित एवं भावपूर्ण प्रस्तुतियों पर कार्यक्रम स्थल तालियों की गूंज से भर उठा।




श्रेष्ठ प्रस्तुतियों को मिले पुरस्कार
सांस्कृतिक प्रतियोगिता में एडवांस एकेडमी सोनकच्छ को प्रथम स्थान, लिटिल फ्लावर कॉन्वेंट स्कूल को द्वितीय स्थान एवं संत एंथोनी कॉन्वेंट स्कूल को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। शासकीय कन्या उमावि सोनकच्छ की सामाजिक विषय पर आधारित नाट्य प्रस्तुति को विशेष पुरस्कार प्रदान किया गया।
उपस्थित अतिथियों ने भी कार्यक्रम प्रस्तुत करने बच्चों को नगद राशि भी दी गई।
शहीद परिवारों व प्रतिभाओं का सम्मान




समारोह के दौरान शहीद परिवारों एवं लोकतंत्र सेनानियों के परिजनों का शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मान किया गया। साथ ही राष्ट्रीय एवं राज्य स्तर पर उपलब्धि हासिल करने वाले खिलाड़ियों तथा शासकीय कार्यों में सराहनीय योगदान देने वाले कर्मचारियों को भी सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम के अंत में मुख्य नगर परिषद अधिकारी अमरदास सेनानी ने सभी अतिथियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया।




