नववर्ष को लेकर पुलिस अलर्ट, उज्जैन रेंज में कड़े सुरक्षा निर्देश
नववर्ष मनाएं, नियमों के साथ – सुरक्षित रहें!

उज्जैन/देवास। नववर्ष 2026 के मद्देनज़र उज्जैन रेंज में पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। नागरिकों की सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षक उज्जैन जोन श्री उमेश जोगा तथा पुलिस उप महानिरीक्षक उज्जैन रेंज श्री नवनीत भसीन ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उज्जैन, देवास, शाजापुर एवं आगर-मालवा जिलों के पुलिस अधिकारियों को कड़े निर्देश जारी किए।
नववर्ष की पूर्व संध्या एवं आयोजन के दौरान संवेदनशील क्षेत्रों में सघन पेट्रोलिंग, फिक्स पिकेट, एवं प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। होटल, रिसॉर्ट, ढाबा, मॉल, बाजार, पार्क एवं धार्मिक स्थलों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
मॉल एवं महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों में एंटी सबोटाज चेकिंग, यातायात व्यवस्था सुदृढ़ रखने के लिए ड्रोन एवं आधुनिक उपकरणों का उपयोग किया जाएगा। शराब पीकर वाहन चलाने, तेज गति एवं अवैध गतिविधियों पर सख्त नजर रखते हुए दोषियों पर तत्काल वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि पिकनिक स्थलों, नदी एवं डैम क्षेत्रों में पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम किए जाएं तथा छात्रावासों में जाकर युवाओं को नववर्ष के दौरान शांति एवं अनुशासन बनाए रखने की समझाइश दी जाए।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी प्रकार के हथियार लेकर चलने, ध्वनि प्रदूषण फैलाने अथवा कानून उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। नववर्ष को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में मनाने के लिए पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है।




