5 साल से फरार आरोपी ऑपरेशन हवालात में दबोचा गया

देवास | 26 दिसंबर 2025 ऑपरेशन हवालात के अंतर्गत देवास पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना विजयागंज मंडी पुलिस ने 5 वर्षों से फरार चल रहे आरोपी प्रेम पिता गणपत मालवीय (45), निवासी उंडासा, जिला उज्जैन को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
जिला पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोत के निर्देशानुसार 1 नवंबर 2024 से जिलेभर में “ऑपरेशन हवालात” अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत लंबे समय से फरार इनामी बदमाशों एवं गंभीर अपराधों में वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जा रही है।
इसी क्रम में थाना विजयागंज मंडी क्षेत्र के अपराध क्रमांक 154/2020, धारा 279, 327, 323 भादंवि के फरार आरोपी की तलाश की जा रही थी। आरोपी लगातार पुलिस गिरफ्त से बाहर चल रहा था।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) हरनारायण बाथम के मार्गदर्शन में उप पुलिस अधीक्षक (एल-आर) संजय शर्मा के निर्देशन में थाना प्रभारी विजयागंज मंडी रोहित पटेल के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम द्वारा मुखबिर तंत्र एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर लगातार कार्रवाई की जा रही थी।
दिनांक 26 दिसंबर 2025 को पुलिस को पुख्ता सूचना मिली कि फरार आरोपी देवास जिले में मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के बाद न्यायालय में पेश किया।




