मेयर-इन-काउंसिल में बीमा रोड व गजरा गियर्स से बीएनपी गेट तक मार्ग निर्माण को स्वीकृति

देवास। नगर निगम देवास की मेयर-इन-काउंसिल की बैठक बुधवार, 17 दिसंबर को निगम सभागृह में महापौर गीता दुर्गेश अग्रवाल की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में शहर के प्रमुख मार्गों के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण प्रस्तावों को स्वीकृति प्रदान की गई।
बैठक में विधायक गायत्री राजे पवार द्वारा मुख्यमंत्री अधोसंरचना विकास योजना अंतर्गत प्रस्तुत प्रस्तावों पर चर्चा की गई। इसके अंतर्गत गजरा गियर्स चौराहे से बीएनपी गेट तक सड़क निर्माण, मार्ग चौड़ीकरण, डिवाइडर, स्टॉर्म वॉटर ड्रेनेज, स्ट्रीट लाइट एवं पाथ-वे निर्माण हेतु ₹5.28 करोड़ तथा बीमा चौराहे से कर्मदीप स्कूल तक उपरोक्त सुविधाओं सहित सड़क निर्माण हेतु ₹11.17 करोड़ की राशि को मेयर-इन-काउंसिल द्वारा स्वीकृति प्रदान की गई।
प्रधानमंत्री आवास योजना एवं उद्यान गोद प्रस्ताव पारित
बैठक के अन्य एजेंडा में प्रधानमंत्री आवास योजना (बीएलसी घटक) की 7 डीपीआर के अंतर्गत 1297 हितग्राहियों की पुष्टि को महापौर द्वारा स्वीकृति दी गई।
इसके साथ ही वार्ड क्रमांक 21 में सेवाधाम के समीप उद्यान गोद देने तथा इसी वार्ड के एक अन्य उद्यान को श्री श्याम हरिहर धार्मिक एवं सामाजिक सेवा समिति को रख-रखाव हेतु सौंपने के प्रस्ताव भी पारित किए गए।
द्वार निर्माण, नामकरण व प्रतिमा स्थापना को मंजूरी
बीमा रोड (सम्पूर्ण प्रवेश-निर्गम मार्ग) पर महर्षि गौतम द्वार निर्माण के प्रस्ताव को स्वीकृति दी गई। वहीं विकास नगर स्थित गार्डन को गोद देने, उसके नामकरण तथा सहस्त्रबाहु अर्जुन की प्रतिमा स्थापना के प्रस्ताव भी पारित किए गए।
इसके अलावा वार्ड क्रमांक 17 स्थित ग्राम रसूलपुर का नाम परिवर्तन कर ‘रामपुर’ रखने के प्रस्ताव को सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई।
छोटे व्यापारियों को राहत, वार्षिक वसूली का निर्णय
निगम राजस्व विभाग के बाजार बैठक वसूली संबंधी प्रस्तावों पर शासन निर्देशानुसार निर्णय लिया गया। इसके तहत रेहड़ी-पटरी पर व्यवसाय करने वाले छोटे व्यापारियों से प्रतिदिन वसूली न करते हुए वार्षिक ₹2000 अथवा छमाही ₹1000 वसूली किए जाने का प्रस्ताव पारित किया गया।
बैठक में मेयर-इन-काउंसिल सदस्य धर्मेन्द्र सिंह बैस, गणेश पटेल, शीतल गेहलोत, मुस्तुफा अंसार अहमद, जितेन्द्र मकवाना, पिंकी दायमा, सपना पंडित, ममता यादव, अंतिम पडियार सहित आयुक्त, दलीप कुमार उपस्थित रहे।
साथ ही उपायुक्त देवबाला पिपलोनिया, जाकिर जाफरी, आरती खेडेकर, उपायुक्त वित्त दीपक पटेल, प्रभारी कार्यपालन यंत्री इंदुप्रभा भारती, स्वास्थ्य अधिकारी जितेन्द्र सिसोदिया, सहायक यंत्री दिनेश चौहान सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
यह बैठक देवास शहर के आधारभूत ढांचे के सुदृढ़ीकरण और नागरिक सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।




