विधायक सोनकर ने किया नर्मदा–कालीसिंध लिंक परियोजना का निरीक्षण
लगभग 200 गांवों तक पहुंचेगा नर्मदा जल, 44 हजार हेक्टेयर कृषि भूमि को मिलेगा सिंचाई का लाभ; 20 तालाबों में भी पहुंचेगा पानी

सोनकच्छ । सोनकच्छ विधानसभा क्षेत्र में सिंचाई सुविधाओं के विस्तार और किसानों को पानी उपलब्ध कराने की दिशा में नर्मदा–कालीसिंध लिंक परियोजना फेस-1 को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। सोमवार को विधायक डॉ. राजेश सोनकर ने ग्राम तालोद स्थित पंपिंग हाउस एवं कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों और इंजीनियरों से परियोजना की प्रगति, तकनीकी व्यवस्थाओं तथा जल आपूर्ति की कार्यप्रणाली की जानकारी ली और जल्द किसानों के खेतों तक पानी पहुंचाने पर जोर दिया।
विधायक ने बताया कि परियोजना से सोनकच्छ विधानसभा क्षेत्र के लगभग 44 हजार हेक्टेयर कृषि क्षेत्र को सिंचाई का लाभ मिलने की उम्मीद है। इससे किसानों को रबी की फसल की सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध कराने, कृषि उत्पादन को बढ़ावा देने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने में मदद मिलेगी।

लगभग 200 गांवों और 20 तालाबों तक पहुंचेगा पानी
इससे पहले रविवार को देवास में परियोजना के उच्च अधिकारियों के साथ बैठक कर कार्ययोजना पर चर्चा की गई थी। कम बारिश के कारण क्षेत्र के तालाबों, बांधों और बैराजों में जल उपलब्धता की आवश्यकता को देखते हुए विधानसभा क्षेत्र के लगभग 200 गांवों तक नर्मदा जल पहुंचाने की योजना है। इसके साथ ही भैंसाखेड़ी, गुराड़िया सुरदास, मोहम्मद खेड़ा, छायनमेना और अगेरा सहित 20 तालाबों में पानी उपलब्ध कराने की तैयारी की जा रही है।

परियोजना की कार्ययोजना एवं प्रोजेक्ट तैयार होने की जानकारी देते हुए विधायक ने अधिकारियों से आवश्यक प्रक्रियाओं में तेजी लाने और जल आपूर्ति शीघ्र शुरू करने की दिशा में काम करने पर जोर दिया। तालोद स्थित पंपिंग हाउस एवं कंट्रोल रूम का निरीक्षण भी इसी क्रम में किया गया। पानी की आपूर्ति शुरू होने की आधिकारिक तारीख की पुष्टि अभी बाकी है।
सिंचाई सुविधा बढ़ने से किसानों को मिलेगी राहत
नर्मदा जल उपलब्ध होने से किसानों को रबी की फसलों की सिंचाई में मदद मिलने और कम बारिश के कारण उत्पन्न जल संकट को कम करने की उम्मीद है। वहीं, तालाबों में पानी पहुंचने से ग्रामीण क्षेत्रों के जलस्रोतों को मजबूती मिल सकती है।
विधायक डॉ. राजेश सोनकर ने कहा कि खेतों में हरियाली, किसानों के जीवन में खुशहाली और ग्रामीण क्षेत्रों का विकास उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने परियोजना में सहयोग के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति आभार व्यक्त किया।
निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ भाजपा नेता बहादुर सिंह पिलवानी, तेज सिंह बघेल,सुख देव सिंह लाला खेड़ी, पृथ्वीराज सिंह राजापुर, जितेन्द्र सिंह यशोना तालोद, जीवन सिंह पाटीदार, मंडल अध्यक्ष विजेन्द्र सिंह मनासा, सरपंच यदुराज सिंह अगेरा एवं अन्य जनप्रतिनिधि, किसान एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।




