Uncategorized

सोमवार को हुई अमृत वर्षा से किसानों के चेहरे खिल गए

अगस्त माह सूखा सूखा बीत जाने से किसानों की चिंता बढ़ गई

बागली। लंबे इंतजार के बाद सोमवार को बागली क्षेत्र में हुई तेज बारिश ने किसानों की चिंता थोड़ी कम कर दी
खासकर ढालान क्षेत्र के गुवाड़ी, रामपुरा और मालीपुरा में दोपहर तक हुई झमाझम बारिश से खेतों में खड़ी सोयाबीन और मक्का फसलों को जीवन मिल गया। सोमवार को हुई बारिश के बाद किसानों के चेहरे खिल उठे,
अगस्त माह में अपेक्षित बारिश नहीं होने और सितंबर के शुरुआती दिन लग भग सूखे निकल जाने से किसानो को खेतों में खड़ी सोयाबीन और मक्का की फसल की चिंता होने लगी और इस समय फसल को पानी की विशेष आवश्यकता भी रहती है। दोनों ही फसल में फल बैठ रहा है । सोमवार को हुई बारिश किसानों के लिए राहत लेकर आई। वरिष्ठ किसानों का कहना है कि इस बारिश से फिलहाल फसलों को काफी फायदा होगा, लेकिन मौसम का साथ अभी कुछ दिनों तक और मिलना जरूरी है।

तीन घंटे तक उफान पर रही नदी, रास्ता बंद-
सोमवार सुबह करीब 10 बजे हल्की बूंदाबांदी के साथ बारिश की शुरुआत हुई। इसके बाद करीब 11 बजे बारिश ने तेज रूप ले लिया और लगातार दोपहर करीब 3 बजे तक बारिश होती रही। लगातार तेज बारिश के कारण बेहरी की नदी में अचानक पानी बढ़ गया और नदी उफान पर आ गई। इसके चलते करीब तीन घंटे तक मार्ग पर आवागमन प्रभावित रहा। रास्ता बंद होने से स्कूली बच्चों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। पानी कम होने के बाद ही आवागमन सामान्य हो सका।
कुएं-तालाब अब भी पूरी तरह नहीं भरे-
क्षेत्र में बारिश की स्थिति को लेकर किसानों की चिंता पूरी तरह खत्म नहीं हुई है। क्षेत्र के कई कुएं, बलराम तालाब सहित छोटे-बड़े तालाब अभी आधे-अधूरे ही भरे हैं। नदी में भी बारिश के दौरान ही पानी का बहाव दिखाई देता है। अगस्त माह में नदी के सूखे नजर आने से क्षेत्र में जल संकट की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता था।
ऐसे में सोमवार की तेज बारिश ने न केवल खेतों को पानी दिया, बल्कि जलस्रोतों में भी कुछ पानी पहुंचाया है। किसानों को उम्मीद है कि आगामी दिनों में भी अच्छी बारिश होती है तो कुएं-तालाबों का जलस्तर बढ़ेगा और खरीफ फसलों को भी पर्याप्त नमी मिल सकेगी।
मौसम विभाग ने आगामी दो दिनों में तेज बारिश की संभावना जताई है। यदि पूर्वानुमान के मुताबिक बारिश होती है तो किसानों को और राहत मिलने की उम्मीद है। फिलहाल सोमवार की बारिश ने सूखे के बीच किसानों को राहत जरूर दी है, लेकिन अच्छी फसल के लिए उनकी नजरें अब आसमान पर टिकी हैं।

 

सुनील योगी(पुरस्कृत सम्मानित पत्रकार)

Truth 24 से पुराना रिश्ता, नई जिम्मेदारी… मैं सुनील योगी, लंबे समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। पत्रकारिता मेरे लिए केवल पेशा नहीं, बल्कि समाज की आवाज को जिम्मेदारी और निष्पक्षता के साथ सामने रखने का माध्यम है। Truth 24 सांध्य दैनिक समाचार पत्र से मेरा रिश्ता आज का नहीं, बल्कि वर्षों पुराना और आत्मीय है। जब Truth 24 ने अपने शुरुआती दौर में बागली क्षेत्र में प्रसार शुरू किया था, उस समय समाचार पत्र के प्रबंधन ने मुझ पर विश्वास जताते हुए बागली क्षेत्र की जिम्मेदारी सौंपी थी। उस विश्वास को मैंने हमेशा अपनी जिम्मेदारी समझकर निभाया। समय के साथ परिस्थितियां बदलीं, लेकिन Truth 24 से मेरा जुड़ाव और अपनापन हमेशा कायम रहा। इस दौरान समाचार पत्र के वरिष्ठों का मुझे समय-समय पर सहयोग और मार्गदर्शन मिलता रहा, जिसके लिए मैं हृदय से आभारी हूं। लंबे अरसे बाद एक बार फिर Truth 24 के साथ बागली क्षेत्र की जिम्मेदारी निभाने का अवसर मिला है। यह मेरे लिए केवल जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पुराने रिश्ते को नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ाने का अवसर है। मैं विश्वास दिलाता हूं कि Truth 24 की निष्पक्ष पत्रकारिता, निर्भीकता और जनसरोकारों की आवाज को बागली क्षेत्र में और मजबूती के साथ आगे बढ़ाने का प्रयास करूंगा। Truth 24 के प्रबंधन एवं वरिष्ठों का विश्वास मेरे लिए सम्मान भी है और जिम्मेदारी भी। — सुनील योगी पत्रकार, बागली Truth 24 सांध्य दैनिक समाचार पत्र

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!