घटिया भाना में कलश यात्रा के साथ प्रारंभ हुई श्रीमद् भागवत कथा

घटिया भाना गांव में कलश यात्रा के साथ प्रारंभ हुई श्रीमद् भागवत कथा
सोनकच्छ।समीपस्थ ग्राम घटिया भाना में शनिवार से सप्त दिवसीय संगीतमय श्रीमद् भागवत कथा का शुभारंभ भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। यह धार्मिक आयोजन समस्त ग्रामवासियों के सहयोग से 8 फरवरी से 14 फरवरी तक आयोजित किया जा रहा है।
कथा का वाचन दीदी वैष्णवी जी वैष्णव (देवास) के मुखारबिंद से हो रहा है। कथा के प्रथम दिवस पर उन्होंने भागवत कथा के महात्म्य, भक्ति-ज्ञान-वैराग्य के महत्व तथा गोकर्ण–धुंधकारी प्रसंग का भावपूर्ण वर्णन किया।
कथा के दौरान उन्होंने कहा कि—
“मनुष्य को अनेक जन्मों के पुण्य के उदय से ही श्रीमद् भागवत की प्राप्ति होती है। भागवत कथा जीव को आध्यात्म से जोड़कर भगवान तक पहुंचाने का सबसे सरल और प्रभावी मार्ग है। इसके श्रवण मात्र से अनेक जन्मों के पाप नष्ट हो जाते हैं।”
कथा से पूर्व ढोल-नगाड़ों के साथ पूरे गांव में भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालु शामिल हुए। यात्रा के दौरान पूरा गांव भक्ति और उल्लास के वातावरण में रंगा नजर आया।
आयोजन समिति ने समस्त धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से कथा में अधिक से अधिक संख्या में पधारने की अपील की है।
कथा का समय प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक निर्धारित है।




