विधायक डॉ. राजेश सोनकर की भोपाल में मुख्यमंत्री एवं मंत्रियों से मुलाकात, सोनकच्छ के विकास और किसानों की राहत पर हुई अहम चर्चा

सोनकच्छ। सोनकच्छ विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. राजेश सोनकर ने राजधानी भोपाल में माननीय मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा एवं शिक्षा मंत्री राव उदय प्रताप सिंह से सौजन्य भेंट कर क्षेत्र के विकास एवं जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की। 
मुलाकात के दौरान विधायक डॉ. सोनकर ने सोनकच्छ क्षेत्र में हाल ही में हुई ओलावृष्टि से प्रभावित फसलों की स्थिति की जानकारी देते हुए प्रभावित किसानों को यथाशीघ्र राहत एवं मुआवजा प्रदान किए जाने का आग्रह किया। उन्होंने किसानों की आर्थिक कठिनाइयों को ध्यान में रखते हुए त्वरित निर्णय की आवश्यकता पर बल दिया।
इसके साथ ही विधायक डॉ. सोनकर ने सोनकच्छ विधानसभा क्षेत्र के सांदीपनि विद्यालयों को शीघ्र प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान किए जाने का अनुरोध किया, जिससे क्षेत्र में शिक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया जा सके तथा विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं मिल सकें।
माननीय मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दोनों विषयों पर सकारात्मक रूप से विचार करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश प्रदान किए। वहीं उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा एवं शिक्षा मंत्री राव उदय प्रताप सिंह ने शासन द्वारा संचालित जनहितकारी योजनाओं, शिक्षा क्षेत्र में नवाचार, अधोसंरचना विकास तथा किसानों के कल्याण के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी देते हुए आवश्यक मार्गदर्शन भी दिया।
मुलाकात के दौरान सभी जनप्रतिनिधियों का सरल, सहज एवं जनसेवा के प्रति समर्पित व्यक्तित्व देखने को मिला। सभी नेताओं ने प्रदेश के समग्र विकास, सुशासन और आमजन के हित में निरंतर मिलकर कार्य करने का संकल्प दोहराया।
विधायक डॉ. राजेश सोनकर ने मुख्यमंत्री एवं मंत्रियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनहित और सोनकच्छ क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए उनके प्रयास निरंतर जारी रहेंगे।जनता की सेवा ही हमारा ध्येय है।




