राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 का देवास में समापन, “सड़क सुरक्षा : जीवन रक्षा” का दिया गया संदेश


देवास। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार एवं पुलिस मुख्यालय भोपाल के मार्गदर्शन में जिला देवास में जनवरी 2026 के दौरान “राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह” का आयोजन “सड़क सुरक्षा : जीवन रक्षा” थीम पर किया गया। अभियान के अंतर्गत आयोजित विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रमों का समापन समारोह मंगलवार 03 फरवरी 2026 को सम्पन्न हुआ।
समापन कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक देवास पुनीत गेहलोद रहे। कार्यक्रम में आलोक कुमार वर्मा (परिवीक्षाधीन भा.पु.से.), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) एच.एन. बाथम, सचिव अशासकीय शिक्षण संस्था दिनेश मिश्रा तथा प्राचार्य इनोवेटिव स्कूल श्री मकसूद विशेष रूप से उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ए आम नागरिकों को यातायात नियमों के पालन, सुरक्षित वाहन संचालन तथा सड़क पर जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाने हेतु प्रेरित किया गया। अधिकारियों ने अपने संबोधन में कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।

इस अवसर पर यातायात व्यवस्था में सहयोग करने वाले स्वयंसेवकों (वॉलेंटियर्स) को सम्मानित किया गया। वहीं सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों को “गोल्डन ऑवर” में अस्पताल पहुंचाकर जीवन रक्षा करने वाले जागरूक नागरिकों का भी सम्मान किया गया। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत आयोजित चित्रकला, नाटक एवं निबंध प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किए गए। साथ ही बच्चों में यातायात नियमों की समझ विकसित करने के उद्देश्य से यातायात पार्क का निर्माण भी किया गया।
कार्यक्रम में पधारे अतिथियों का स्वागत संस्था सचिव मिर्जा मुशाहिद बैग, आर.पी. मिश्रा, सुरेश चौहान, शकील कादरी एवं सुरेंद्र राठौर द्वारा किया गया। कार्यक्रम का संचालन सैयद सदाकत अली ने किया, आभार प्रदर्शन आदित्य दुबे द्वारा किया गया।
समापन अवसर पर अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि देवास पुलिस द्वारा भविष्य में भी सड़क सुरक्षा को लेकर ऐसे जागरूकता अभियान निरंतर चलाए जाएंगे, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और अमूल्य मानव जीवन की रक्षा सुनिश्चित की जा सके।




