12 जनवरी को स्वामी विवेकानंद जयंती पर जिले में होगा सामूहिक सूर्य नमस्कार का आयोजन
तैयारियों को लेकर कलेक्टर की अध्यक्षता में बैठक संपन्न

12 जनवरी को स्वामी विवेकानंद जयंती पर जिले में होगा सामूहिक सूर्य नमस्कार का आयोजन
तैयारियों को लेकर कलेक्टर की अध्यक्षता में बैठक संपन्न
स्वामी विवेकानंद जी की जयंती को युवा दिवस के रूप में मनाने के अवसर पर आगामी 12 जनवरी 2026 को शाजापुर जिले में सामूहिक सूर्य नमस्कार कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन जिले की समस्त शैक्षणिक संस्थाओं सहित तहसील, विकासखंड एवं जिला मुख्यालय स्तर पर किया जाएगा।
कार्यक्रम की सफल एवं सुव्यवस्थित रूपरेखा सुनिश्चित करने के लिए आज कलेक्टर सुश्री ऋजु बाफना की अध्यक्षता में जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सूर्य नमस्कार कार्यक्रम में विद्यार्थियों एवं युवाओं के साथ-साथ सभी शिक्षक, शासकीय सेवक, गैर शासकीय संस्थान, खेल संगठन, सामाजिक एवं स्वयंसेवी संगठनों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करते हुए जिम्मेदारियां भी सौंपीं।
जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम उत्कृष्ट उमावि के खेल मैदान में
बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी श्री राजेन्द्र शिप्रे ने जानकारी देते हुए बताया कि 12 जनवरी को आयोजित होने वाले सूर्य नमस्कार कार्यक्रम का जिला स्तरीय मुख्य आयोजन स्थानीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के खेल मैदान में किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश शासन स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार प्रदेश के समस्त विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं शिक्षण संस्थाओं में प्रातः 9 बजे से 10.30 बजे तक सामूहिक सूर्य नमस्कार कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम की समय-सारिणी
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार—
प्रातः 9 बजे से विद्यार्थियों को संस्था के मैदान में एकत्र किया जाएगा एवं उन्हें आवश्यक दूरी बनाकर पंक्तिबद्ध किया जाएगा।
प्रातः 9.20 बजे मुख्य अतिथि एवं जनप्रतिनिधियों का आगमन होगा।
प्रातः 9.28 बजे माँ सरस्वती एवं स्वामी विवेकानंद जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ किया जाएगा।
प्रातः 9.30 बजे से 10.15 बजे तक आकाशवाणी के मध्यप्रदेश के सभी केंद्रों से कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया जाएगा।
इस दौरान राष्ट्रगीत “वंदेमातरम”, स्वामी विवेकानंद जी की प्रेरक वाणी, मुख्यमंत्री का संदेश, सामूहिक सूर्य नमस्कार एवं प्राणायाम का कार्यक्रम संपन्न होगा।
कार्यक्रम का औपचारिक समापन प्रातः 10.30 बजे आभार प्रदर्शन के साथ किया जाएगा।
सभी शिक्षण संस्थाओं को निर्देशित किया गया है कि आकाशवाणी प्रसारण हेतु पूर्व की भांति रेडियो एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएँ समय रहते सुनिश्चित करें, ताकि छात्र-छात्राएँ एवं उपस्थित जनप्रतिनिधि एक साथ कार्यक्रम से जुड़ सकें।
राज्य शासन के निर्देशों के अनुरूप इस आयोजन को व्यापक एवं सफल बनाने के लिए स्वयंसेवी संगठनों एवं आम नागरिकों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया है।
बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री यशपाल सिंह राजपूत, जिला पंचायत सीईओ श्रीमती अनुपमा चौहान, डिप्टी कलेक्टर सुश्री नेहा गंगारे, मुख्य नगरपालिका अधिकारी श्री भूपेन्द्र दीक्षित एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. कमला आर्य सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।




