पहले ही प्रयास में MPPSC क्रीड़ा अधिकारी बने राहुल सोलिया, शाजापुर का नाम किया रोशन

डॉ. सुरेश गुर्जर- संवाददाता मक्सी
शाजापुर | मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) द्वारा आयोजित क्रीड़ा अधिकारी परीक्षा 2022 के अंतिम परिणाम में शाजापुर जिले के ग्राम हिरपुर टेका निवासी राहुल सोलिया का चयन क्रीड़ा अधिकारी पद पर हुआ है। राहुल ने यह सफलता पहले ही प्रयास में प्राप्त कर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है।
ग्रामीण पृष्ठभूमि से निकलकर राज्य स्तरीय प्रतियोगी परीक्षा में चयनित होना राहुल की कड़ी मेहनत, अनुशासन और खेलों के प्रति समर्पण को दर्शाता है। उनकी इस सफलता से पूरे शाजापुर जिले में खुशी की लहर है।
राहुल सोलिया, डॉ. राजेश सोलिया के पुत्र एवं डॉ. प्रेम नारायण सोलिया के पौत्र हैं। उन्होंने प्रारंभिक शिक्षा हिंद जूनियर कॉलेज, शाजापुर से प्राप्त की तथा उच्च शिक्षा बरकतउल्ला विश्वविद्यालय, भोपाल के शारीरिक शिक्षा विभाग से पूर्ण की।
अपनी सफलता पर राहुल ने कहा कि यह उपलब्धि परिवार, गुरुओं और मित्रों के सहयोग का परिणाम है। उन्होंने अपनी मां, बहन, दोनों चाचा, पूरे सोलिया परिवार के साथ-साथ शिक्षकों और मित्रों का आभार व्यक्त किया।
राहुल की यह सफलता जिले के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है और यह संदेश देती है कि लगन, सही मार्गदर्शन और निरंतर प्रयास से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।




