अजय रेस्टोरेंट में नकबजनी 24 घंटे के भीतर औद्योगिक क्षेत्र पुलिस ने आरोपी दबोचा

देवास | 24 फरवरी 2026 देवास के बावड़िया चौराहा स्थित अजय रेस्टोरेंट में हुई नकबजनी की वारदात का खुलासा करते हुए थाना औद्योगिक क्षेत्र पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 70 हजार रुपये का शत-प्रतिशत मशरूका बरामद किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 18 फरवरी 2026 को प्रहलादनगर बावड़िया निवासी जितेन्द्र पिता देवकरण खिंची ने थाना औद्योगिक क्षेत्र में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनके अजय रेस्टोरेंट में रात करीब 1 बजे ताला लगाकर घर जाने के बाद अज्ञात बदमाश ने पीछे के बाथरूम की उजालदान की जाली उखाड़कर दुकान में प्रवेश किया। सुबह 5 बजे जब वे लौटे तो सिगरेट, पान बहार, राजश्री के पैकेट एवं गल्ले में रखी नगदी गायब मिली।
फरियादी की रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 149/2026 धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस 2023 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुनीत गेहलोत (पुलिस अधीक्षक, देवास) ने आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया के मार्गदर्शन एवं नगर पुलिस अधीक्षक सुमित अग्रवाल के निर्देशन में थाना प्रभारी औद्योगिक क्षेत्र निरीक्षक शशिकांत चौरसिया के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने “ऑपरेशन त्रिनेत्रम” के तहत आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की बारीकी से जांच की। फुटेज में एक व्यक्ति रस्सी के सहारे छत से सामान उतारते हुए दिखाई दिया। चाल-ढाल और हुलिये के आधार पर उसकी पहचान पास ही संचालित भंगार दुकान के संचालक सैफुद्दीन उर्फ भुरा (45) निवासी बावड़िया के रूप में हुई।
19 फरवरी को आरोपी को हिरासत में लेकर न्यायालय से पुलिस रिमांड प्राप्त कर पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपराध स्वीकार कर लिया। उसके कब्जे से चोरी गया पूरा मशरूका — सिगरेट, पान बहार, राजश्री के पैकेट एवं नगदी सहित लगभग 70 हजार रुपये — बरामद कर लिए गए हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।
सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक शशिकांत चौरसिया, प्रआर राहुल शर्मा, आरक्षक लक्ष्मीकांत शर्मा एवं अजय जाट की विशेष भूमिका रही।
औद्योगिक क्षेत्र पुलिस की त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र के व्यापारियों में विश्वास का माहौल बना है।




