सोनकच्छ क्षेत्र में बेमौसम बारिश और तेज हवाओं से गेहूं की खड़ी फसल आड़ी

सोनकच्छ। क्षेत्र में बेमौसम बारिश और तेज हवाओं ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। गंधर्वपुरी, गुराडिया,देहरी, कराड़िया, सुराखेड़ा, लौंदिया , खेड़ा, भागसरा, रोशनाबाद, खेरिया शाहू, घटिया भाना बीसाखेड़ी ऐनाबाद सहित आसपास के अन्य गांवों में खेतों में खड़ी गेहूं की फसल आड़ी होकर जमीन पर गिर गई है।
किसानों के अनुसार गेहूं की फसल इस समय दाना भराव की अवस्था में थी। अचानक आई बारिश और तेज हवाओं से फसल खेतों में बिछ गई, जिससे पौधों के सड़ने और दानों के कमजोर रहने की आशंका बढ़ गई है। इससे उत्पादन में भारी गिरावट की संभावना जताई जा रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि पहले से ही खेती की बढ़ती लागत, खाद-बीज और मजदूरी के खर्च ने किसानों की कमर तोड़ रखी है। ऐसे में प्राकृतिक आपदा ने हालात और कठिन बना दिए हैं।
किसानों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि प्रभावित गांवों में तत्काल सर्वे कराया जाए और वास्तविक नुकसान का आकलन कर उचित मुआवजा प्रदान किया जाए, ताकि किसानों को आर्थिक संकट से राहत मिल सके।




