क्राइमखेलदुनियादेवासमध्य प्रदेशलोकल न्यूज़

सगे भाई की हत्या, सड़क दुर्घटना का रूप देकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश नाकाम

देवास, 14 फरवरी 2026। शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में सगे भाई की हत्या का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। आरोपी ने हत्या के बाद घटना को सड़क दुर्घटना बताकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने पूरे मामले का पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सहित उसके सहयोगी को गिरफ्तार कर लिया है।

क्या है मामला?

जानकारी के अनुसार, 10 फरवरी की देर रात अमलतास अस्पताल, देवास से थाना सिविल लाइन को सूचना मिली कि ग्राम सिंगवादा पावर हाउस निवासी 30 वर्षीय रवि चौहान को उसके भाई लखन चौहान और जीजा राहुल राजोरिया सड़क दुर्घटना में घायल होना बताकर अस्पताल लेकर आए हैं। उपचार के दौरान रवि की मृत्यु हो गई।

प्रारंभिक तौर पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की और शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि रवि की मौत सिर पर किसी भारी वस्तु से वार किए जाने के कारण हुई है। इसके बाद मामला हत्या की ओर मुड़ गया।

आपसी विवाद बना हत्या की वजह

पुलिस जांच में सामने आया कि घटना की रात रवि और उसके भाई लखन के बीच विवाद हुआ था। विवाद के दौरान लखन ने घर में रखी लोहे की भारी वस्तु (मोगरी) से रवि के सिर पर 2-3 वार कर दिए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

हत्या के बाद लखन ने अपने जीजा राहुल को बुलाया और दोनों ने मिलकर शव को अस्पताल पहुंचाकर सड़क हादसे की कहानी गढ़ दी, ताकि मामला दुर्घटना के रूप में दर्ज हो जाए।

पोस्टमार्टम से खुला राज, दोनों आरोपी गिरफ्तार

जांच के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि राहुल को घटना की वास्तविक जानकारी थी, बावजूद इसके उसने अस्पताल में गलत सूचना दी। पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर अपराध क्रमांक 75/2026 के तहत धारा 103(1), 238 बीएनएस में प्रकरण दर्ज कर दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उन्होंने अपराध स्वीकार कर लिया।

दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई

पूरे प्रकरण में थाना सिविल लाइन पुलिस की तत्परता और विवेचना सराहनीय रही, जिसके चलते हत्या का मामला जल्द ही उजागर हो सका।

Rajesh Dhanecha editor in chief

राजेश धनेचा मध्यप्रदेश के एक सक्रिय, निडर और जनसमर्थक पत्रकार हैं, जिन्होंने वर्षों तक अपने मजबूत लेखन, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जमीनी हकीकत को सामने लाने की प्रतिबद्धता से मीडिया जगत में एक अलग पहचान बनाई है। वे ‘Truth 24’ सांध्य दैनिक अख़बार के प्रकाशक, मुद्रक और प्रधान संपादक हैं। आपके नेतृत्व में ‘Truth 24’ प्रदेश के विश्वसनीय और तेज़ी से बढ़ते समाचार माध्यमों में से एक बन चुका है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!