सोनकच्छ में शोर मचाने वालों पर पुलिस का शिकंजा। मॉडिफाइड साइलेंसर पर तीन बुलेट चालकों से ₹90,500 वसूले

सोनकच्छ।नगर में तेज आवाज़ से आतंक फैलाने वाले मॉडिफाइड साइलेंसरधारी वाहन चालकों के खिलाफ सोनकच्छ पुलिस ने आखिरकार सख्त कार्रवाई करते हुए करारा सबक सिखाया है। विगत दिनों थाना सोनकच्छ द्वारा वाहन चेकिंग के दौरान पकड़ी गई मॉडिफाइड साइलेंसर लगी बुलेट मोटरसाइकिलों के वाहन स्वामी व चालकों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां कानून ने अपना कठोर रूप दिखाया।
न्यायालय द्वारा मोटर व्हीकल एक्ट की साइलेंसर मॉडिफिकेशन सहित अन्य धाराओं में दोषी पाए जाने पर राकेश सिंह पिता रामसिंह, निवासी कराड़िया परी पर ₹32,000, संदीप पिता कुमेर सिंह, निवासी कुमारिया बनवीर पर ₹26,500 तथा धीरज सिंह पिता दर्याव सिंह पर ₹32,000 का भारी अर्थदंड लगाया गया। तीनों प्रकरणों में कुल ₹90,500 की सख्त वसूली की गई।
गौरतलब है कि नगरवासी लंबे समय से मॉडिफाइड साइलेंसर से निकलने वाली कान फोड़ू आवाज़ों से त्रस्त थे, लेकिन कुछ वाहन चालक कानून को ठेंगा दिखाकर खुलेआम शोर मचाते रहे। सोनकच्छ पुलिस की इस निर्णायक कार्रवाई से ऐसे सभी मनबढ़ चालकों को स्पष्ट संदेश मिल गया है कि अब कानून की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पुलिस की इस सख्ती के बाद नगर में संतोष का माहौल है और आमजन द्वारा सोनकच्छ पुलिस की कार्रवाई को जनहित में लिया गया साहसिक कदम बताया जा रहा है। पुलिस ने साफ संकेत दे दिए हैं कि भविष्य में भी ऐसे वाहन चालकों पर और भी कठोर कार्रवाई की जाएगी।




