पैसे दोगुने करने और तांत्रिक क्रिया के नाम पर लोगों को ठगने वाले एक शातिर आरोपी को सोनकच्छ पुलिस ने किया गिरफ्तार

सोनकच्छ। आरोपी ने हवन-पूजन के बहाने फरियादी से 1 लाख 35 हजार रुपये लेकर नकली नोटों की गड्डी थमाई और सात दिन में रकम डबल होने का झांसा दिया।
थाना सोनकच्छ में अपराध क्रमांक 39/25.01.26, धारा 318(4) बी.एन.एस. के तहत दर्ज इस प्रकरण में आरोपी देवनारायण उर्फ मनोहरलाल शर्मा (66 वर्ष) निवासी चापड़ा, थाना बागली, हाल मुकाम भोपाल को गिरफ्तार किया गया है।
हवन-पूजन के नाम पर रची ठगी की साजिश
आरोपी ने स्वयं को सिद्ध तांत्रिक बताकर फरियादी को विश्वास में लिया। पैसे दोगुने करने की स्कीम बताकर हवन-पूजन कराया गया और इस दौरान फरियादी से ₹1,35,000 की राशि ऐंठ ली। बाद में आरोपी ने काले कपड़े में नकली नोटों की गड्डी बांधकर फरियादी को सौंप दी और सात दिन बाद खोलने की हिदायत दी।
मुखबिर और सायबर सेल की सूचना से दबोचा गया आरोपी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक देवास के मार्गदर्शन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) एवं अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) सोनकच्छ के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने मुखबिर तंत्र एवं सायबर सेल देवास की सहायता से भोपाल से आरोपी को गिरफ्तार किया।
नकली नोटों की गड्डियां जप्त :- गिरफ्तारी के दौरान आरोपी के कब्जे से ₹500 के 02 बंडल, ₹200 का 01 बंडल, कुल 03 नकली नोटों की गड्डियां जप्त की गईं।
इनकी रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अजय गुर्जर, सहायक उप निरीक्षक अजय शर्मा, प्रधान आरक्षक हरिओम यादव (429), आरक्षक श्याम बिहारी (670) एवं लक्ष्मण (866) की सराहनीय भूमिका रही।




