चौबारा जागीर मंडल का हिंदू सम्मेलन संपन्न, विराट आयोजन में गूंजा एकता व समरसता का संदेश

सोनकच्छ।चौबारा जागीर मंडल का हिंदू सम्मेलन मंडल केंद्र चौबारा जागीर पर भव्य रूप से संपन्न हुआ। यह आयोजन हाल ही में आयोजित विराट हिंदू सम्मेलन की कड़ी के रूप में हिंदू एकता, सामाजिक समरसता और राष्ट्रभाव को मजबूत करने वाला सिद्ध हुआ। सम्मेलन का शुभारंभ विधिवत भारत माता के पूजन के साथ किया गया।
सम्मेलन में विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। प्रस्तुतियों के माध्यम से वीर संभाजी महाराज के शौर्य और बलिदान, लव जिहाद जैसे सामाजिक विषयों, पर्यावरण संरक्षण तथा सामाजिक समरसता पर प्रभावशाली संदेश दिया गया। इन मंचनों ने उपस्थित जनसमूह को भावनात्मक रूप से जोड़ते हुए समाज को जागरूक करने का कार्य किया।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में महंत लवचन्द्र दास जी उदासीन , चेतन राठौर दीदी एवं अखिल भारतीय बलाई महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोज जी परमार मंचासीन रहे। वक्ताओं ने अपने संबोधन में हिंदू समाज से जातियों में विभाजित न होकर एकजुट रहने, संस्कारों को सहेजने और राष्ट्रधर्म के प्रति सजग रहने का आह्वान किया।
सम्मेलन स्थल “जय श्री राम” और “जात-पात की करो विदाई, हम सब हिंदू भाई-भाई” जैसे नारों से गूंजता रहा। वक्ताओं ने कहा कि ऐसे आयोजनों से समाज को नई दिशा और नई ऊर्जा मिलती है तथा युवाओं में राष्ट्र और संस्कृति के प्रति जागरूकता बढ़ती है।
कार्यक्रम का कुशल मंच संचालन भीम सेंधव द्वारा किया गया। आयोजन में बड़ी संख्या में सर्व हिंदू समाजजन की उपस्थिति रही। सम्मेलन को सफल और प्रेरणादायी बताते हुए आयोजकों ने भविष्य में भी ऐसे सामाजिक-सांस्कृतिक आयोजनों को निरंतर जारी रखने की बात कही।




