थाना बरोठा पुलिस की बड़ी सफलता, अन्तरराज्यीय फरार आरोपी गिरफ्तार
2019 में ट्रक से माल चोरी कर साधु के वेश में काट रहा था फरारी

देवास | 16 दिसंबर 2025। थाना बरोठा पुलिस ने वर्ष 2019 से फरार चल रहे एक शातिर अन्तरराज्यीय आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी ट्रक चालक द्वारा ट्रक में भरे माल की चोरी कर फरार हो गया था और पहचान छुपाने के लिए साधु का वेश धारण कर आश्रम में रह रहा था। पुलिस ने लगातार छह दिनों तक पीछा कर उसे गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार फरियादी विनय कुमार पिता श्रीराम सुभाष मिश्रा, निवासी स्प्रिंग बिजनेस पार्क, बायपास रोड इंदौर ने थाना आष्टा जिला सीहोर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। फरियादी की कंपनी का माल नर्मदा किनारे सीहोर से आयसर वाहन में लोड कर इंदौर भेजा गया था। वाहन चालक कैलाशचन्द्र पिता बलवंत, निवासी आवास नगर देवास, वाहन को बरोठा क्षेत्र के एक पेट्रोल पंप तक लाया, इसके बाद वाहन व माल का कोई सुराग नहीं मिला। बाद में आयसर वाहन आष्टा में लावारिस हालत में खड़ा मिला, जबकि चालक माल लेकर फरार हो गया।
मामले में थाना आष्टा में जीरो पर अपराध दर्ज कर असल प्रकरण थाना बरोठा भेजा गया, जहां अपराध क्रमांक 29/2021 धारा 406 भादवि के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना की गई। विवेचना के दौरान आरोपी लगातार फरार रहा और घर-परिवार छोड़कर पहचान बदल चुका था।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक देवास पुनीत गेहलोत के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एच.एन. बाथम के मार्गदर्शन तथा उप पुलिस अधीक्षक (एल/आर) संजय शर्मा के निर्देशन में थाना प्रभारी बरोठा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने ऑपरेशन त्रिनेत्रम के तहत सीसीटीवी कैमरों और थाना कम्युनिटी ग्रुप की मदद से आरोपी की पहचान “दुबे जी” के रूप में की, जो नाम बदलकर आश्रम में शरण लिए हुए था। ग्रामीण कम्युनिटी ग्रुप से मिली विश्वसनीय सूचना के आधार पर बरोठा पुलिस एवं साइबर टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद जांच में सामने आया कि आरोपी अन्य जिलों एवं राज्यों में भी अपराध कर चुका है। आम लोगों से रुपए लेकर वापस नहीं करने से संबंधित मामलों में उसके खिलाफ विभिन्न थानों में कुल छह स्थायी वारंट लंबित हैं। थाना कायथा जिला उज्जैन में एनआई एक्ट के प्रकरणों में भी वह फरार था। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी से करीब 50 हजार रुपये का सेंटिंग का सामान व लोहे की चादरें जब्त की गई हैं। अन्य मशरूका के संबंध में पूछताछ जारी है।
गिरफ्तार आरोपी
कैलाशचन्द्र पिता बलवंत चित्तोडिया, उम्र 43 वर्ष, निवासी ग्राम रामपुरा, थाना कायथा, जिला उज्जैन (म.प्र.)
अपराधिक रिकॉर्ड-
थाना कायथा, उज्जैन: अपराध क्रमांक 606/15 धारा 294, 323, 506 भादवि
थाना कायथा, उज्जैन: अपराध क्रमांक 75/15 धारा 25 आर्म्स एक्ट
थाना कायथा, उज्जैन: अपराध क्रमांक 129/17 धारा 25 आर्म्स एक्ट
थाना चुरहट, रीवा: अपराध क्रमांक 476/20 धारा 406, 407 भादवि
थाना स्पेशल सेल, दिल्ली: अपराध क्रमांक 25/24 धारा 419, 420, 120-बी, 34, 468, 471, 473 भादवि
जप्त मशरूका:
सेंटिंग का सामान व लोहे की चादरें, कुल कीमत लगभग 50,000 रुपये।
सराहनीय भूमिका:
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी बरोठा श्रीमती सविता सिंह जाटव, उनि मलखान सिंह भाटी, सउनि ईश्वर सिंह मंडलोई, प्रआर तेजसिंह, दयाराम, आर विजेन्द्र, अजय पाल, प्रआर शिवप्रताप सिंह सेंगर तथा साइबर सेल से सचिन चौहान की सराहनीय भूमिका रही।




