देवासमध्य प्रदेश

गेहूं खरीदी अप्रैल में, कर्ज मार्च के पहले जमा करवाना— किसान फंसा सरकारी फैसलों के बीच।

1 अप्रैल से शुरू होगी समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी, 28 मार्च तक ऋण नहीं चुकाया तो लगेगा 10% ब्याज

सोनकच्छ। मध्यप्रदेश में एक तरफ समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी की तारीख आगे बढ़ाकर 1 अप्रैल कर दी गई है, वहीं दूसरी ओर सहकारी सोसायटियों के ऋण जमा करने की अंतिम तारीख 28 मार्च तय कर दी गई है। ऐसे में किसान सरकारी फैसलों के बीच बुरी तरह फंसता नजर आ रहा है।

मध्यप्रदेश शासन के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग द्वारा 12 मार्च 2026 को जारी आदेश (क्रमांक FCS/0038/2026) के अनुसार रबी विपणन वर्ष 2026-27 में इंदौर, उज्जैन, भोपाल और नर्मदापुरम संभाग में समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी 1 अप्रैल 2026 से शुरू होगी, जबकि अन्य संभागों में 7 अप्रैल से खरीदी प्रारंभ की जाएगी।

इधर सहकारी समितियों द्वारा किसानों को साफ कहा गया है कि यदि 28 मार्च तक ऋण जमा नहीं किया गया तो शून्य प्रतिशत ब्याज योजना का लाभ नहीं मिलेगा और किसानों पर 10 प्रतिशत ब्याज लगाया जाएगा।

खेतों में गेहूं की फसल पूरी तरह पककर तैयार है, लेकिन खरीदी शुरू होने में देरी से किसान असमंजस में हैं। किसानों का कहना है कि जब सरकारी खरीदी अप्रैल से शुरू होगी तो वे मार्च में सोसायटी का कर्ज कैसे चुकाएं।

ऐसी स्थिति में किसानों को मजबूरी में अपनी उपज निजी व्यापारियों को औने-पौने दामों पर बेचनी पड़ सकती है, जिससे उन्हें समर्थन मूल्य का लाभ नहीं मिल पाएगा। किसानों का यह भी कहना है कि अगर सरकार ने खरीदी की तारीख आगे बढ़ाई है तो ऋण जमा करने की अंतिम तारीख भी बढ़ाई जानी चाहिए थी।

फिलहाल खेतों में तैयार खड़ी फसल, खरीदी में देरी और ऋण भुगतान की समय सीमा के बीच किसान खुद को असहाय महसूस कर रहा है। किसान संगठनों का कहना है कि यदि सरकार ने जल्द समाधान नहीं निकाला तो हजारों किसान आर्थिक दबाव में आ जाएंगे।

कैलाश जोशी संवाददाता- सोनकच्छ

एक दशक की सच्ची पत्रकारिता – ट्रुथ 24 के साथ गौरवपूर्ण सफर मैं, कैलाश जोशी, सोनकच्छ संवाददाता, यह बताते हुए गर्व महसूस कर रहा हूँ कि मुझे ट्रुथ 24 जैसे निष्पक्ष, निर्भीक और जनहितकारी समाचार माध्यम से जुड़े हुए पूरे एक दशक हो चुके हैं। इस लंबे सफर में ट्रुथ 24 ने हमेशा सत्य, ईमानदारी और जनसेवा को सर्वोपरि रखा। ग्रामीण अंचल से लेकर शहरी मुद्दों तक, आम जनता की आवाज़ को मजबूती से उठाने का जो अवसर मुझे इस संस्थान ने दिया, वह मेरे लिए सम्मान की बात है। श्री राजेश धनेचा प्रधान संपादक के कुशल मार्गदर्शन में ट्रुथ 24 ने पत्रकारिता के मूल्यों को जीवित रखा है। यह केवल एक समाचार माध्यम नहीं, बल्कि सच्चाई के लिए लड़ने वाला एक सशक्त मंच है। मैं ट्रुथ 24 परिवार का आभार व्यक्त करता हूँ और आशा करता हूँ कि आने वाले वर्षों में भी हम इसी प्रतिबद्धता के साथ जनहित में कार्य करते रहेंगे। – कैलाश जोशी संवाददाता, सोनकच्छ Truth 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!