सीएमएचओ डॉ. बेक ने मातृ-शिशु स्वास्थ्य सर्वे कार्य का किया निरीक्षण
हितग्राहियों के घर पहुंचकर ली स्वास्थ्य की जानकारी

गर्भ का पता चलते ही गर्भवती महिलाओं का अनिवार्य पंजीयन कराएं – सीएमएचओ डॉ. बेक

देवास | 30 जनवरी 2026 मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सरोजनी जेम्स बेक ने शुक्रवार को शहरी क्षेत्र देवास के विभिन्न वार्डों में पहुंचकर मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सर्वे कार्य का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान वे सर्वे कार्य कर रही स्वास्थ्य टीम के साथ हितग्राहियों के घर पहुंचीं और गर्भवती महिलाओं सहित परिवार के सदस्यों से स्वास्थ्य संबंधी जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान सीएमएचओ डॉ. बेक ने परिवार में सभी पात्र नागरिकों के आयुष्मान कार्ड बनवाने, शासन की स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ लेने तथा समय पर पंजीयन कराने के संबंध में चर्चा की।
कलेक्टर के निर्देश पर घर-घर सर्वे
सीएमएचओ डॉ. बेक ने बताया कि कलेक्टर ऋतुराजसिंह द्वारा जिला एवं शहरी क्षेत्र देवास की वार्डवार समीक्षा के दौरान गर्भवती महिलाओं का पंजीयन अपेक्षाकृत कम पाया गया था। इसके पश्चात महिला एवं बाल विकास विभाग तथा स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम बनाकर घर-घर मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सर्वे कार्य कराने के निर्देश दिए गए हैं।
इसी क्रम में अतिरिक्त टीमों का गठन कर शहरी क्षेत्र के सभी वार्डों में सर्वे कार्य किया जा रहा है।
निजी अस्पतालों में इलाज से ट्रैकिंग में आती है बाधा
डॉ. बेक ने कहा कि शहरी क्षेत्र में अधिकांश सक्षम परिवारों की गर्भवती महिलाएं निजी अस्पतालों में जांच, इलाज एवं प्रसव कराती हैं, जिसके कारण शत-प्रतिशत ट्रैकिंग संभव नहीं हो पाती। कई महिलाएं स्वेच्छा से आंगनवाड़ी केंद्र या शासकीय स्वास्थ्य केंद्र में पंजीयन नहीं करातीं, जिससे हाई-रिस्क गर्भावस्था का समय पर प्रबंधन नहीं हो पाता और मां एवं शिशु के जीवन पर खतरा उत्पन्न हो जाता है।
अनमोल पोर्टल पर पंजीयन अति आवश्यक
सीएमएचओ डॉ. बेक ने बताया कि शासन द्वारा संचालित मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य कार्यक्रम अंतर्गत जिले की सभी गर्भवती महिलाओं का गर्भावस्था में शीघ्र पंजीयन कर अनमोल पोर्टल पर ऑनलाइन एंट्री की जा रही है। प्रत्येक गर्भवती महिला को आरसीएच आईडी प्रदान की जाती है, जिससे टीकाकरण, आवश्यक जांच एवं उपचार की जानकारी स्वास्थ्य विभाग के पास उपलब्ध रहती है।
गर्भावस्था के पूर्व, प्रसव एवं प्रसव पश्चात सेवाओं की सतत मॉनिटरिंग के लिए पंजीयन अत्यंत आवश्यक है।
शहरी क्षेत्र में विशेष टीम करेगी शत-प्रतिशत पंजीयन
उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में आशा कार्यकर्ता एवं स्वास्थ्य कार्यकर्ता द्वारा समय पर पंजीयन कर सेवाएं दी जा रही हैं। वहीं शहरी क्षेत्र में विशेष टीमों के माध्यम से निरंतर सर्वे कर शत-प्रतिशत गर्भवती महिलाओं का पंजीयन सुनिश्चित किया जाएगा, भले ही वे निजी अस्पतालों में जांच एवं उपचार करा रही हों।
नव दंपत्तियों को दी महत्वपूर्ण सलाह
सीएमएचओ डॉ. बेक ने नव दंपत्तियों से अपील की कि वे अपने नजदीकी आंगनवाड़ी केंद्र या स्वास्थ्य केंद्र में विवाह पंजीयन अवश्य कराएं तथा परिवार कल्याण कार्यक्रम अंतर्गत उचित परामर्श लें।
उन्होंने कहा कि जैसे ही गर्भ का पता चले, आशा, आंगनवाड़ी या स्वास्थ्य कार्यकर्ता से संपर्क कर अनमोल पोर्टल पर अनिवार्य रूप से पंजीयन कराएं। समय पर टीकाकरण, जांच एवं उपचार से सुरक्षित प्रसव सुनिश्चित किया जा सकता है।
डॉ. बेक ने कहा कि शासन की प्राथमिकता है कि हर घर में मां और बच्चा स्वस्थ रहे तथा किसी भी प्रकार की मातृ एवं शिशु मृत्यु न हो।




