ऑपरेशन त्रिनेत्रम SBI के सहयोग से देवास बनेगा और सुरक्षित शहर

देवास। अपराधों की रोकथाम और त्वरित निराकरण की दिशा में देवास पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन त्रिनेत्रम” को नई मजबूती मिली है। भारतीय स्टेट बैंक (SBI) ने इस महत्त्वाकांक्षी अभियान में सहभागी बनते हुए लगभग ₹5 लाख मूल्य के सीसीटीवी कैमरे पुलिस विभाग को भेंट किए हैं। इससे शहर की निगरानी व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी तथा आमजन को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशानुरूप एवं पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना के मार्गदर्शन में अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक उज्जैन ज़ोन उमेश जोगा तथा पुलिस उपमहानिरीक्षक उज्जैन रेंज नवनीत भसीन द्वारा अधिक से अधिक सीसीटीवी कैमरे स्थापित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोत द्वारा ऑपरेशन त्रिनेत्रम की शुरुआत की गई, जिसके तहत जिलेवासियों को स्वेच्छा से कैमरे लगाने हेतु प्रेरित किया जा रहा है।
पुलिस विभाग को मिल रहे जनसहयोग का ही परिणाम है कि अब तक जिले में लगभग 04 करोड़ रुपये की लागत से 9685 सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए जा चुके हैं। नववर्ष में इस अभियान को और ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए विभिन्न संस्थाएं आगे आ रही हैं। इसी कड़ी में एसबीआई द्वारा दिया गया यह सहयोग उल्लेखनीय माना जा रहा है।
एसबीआई के जनरल मैनेजर द्वारा पुलिस अधीक्षक देवास से सौजन्य भेंट के दौरान बैंक की संपूर्ण टीम उपस्थित रही। इस अवसर पर ऑपरेशन त्रिनेत्रम के अंतर्गत सीसीटीवी कैमरे पुलिस विभाग को सौंपे गए। पुलिस विभाग द्वारा इन कैमरों को सुरक्षा ऑडिट के आधार पर देवास शहर के संवेदनशील व आवश्यक स्थानों पर स्थापित किया जाएगा। सभी कैमरों का लाइव फीड पुलिस कंट्रोल रूम से जोड़ा जाएगा, जिससे निगरानी व्यवस्था और अधिक प्रभावी होगी और अपराधों के खुलासे में तेजी आएगी।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक देवास ने एसबीआई के महाप्रबंधक कुंदन ज्योति (भोपाल), क्षेत्रीय प्रबंधक बिजय नाथ मिश्रा (क्षेत्रीय कार्यालय देवास), शाखा प्रबंधक पूर्ति अमित जैन (मुख्य शाखा देवास) एवं उनकी पूरी टीम का आभार व्यक्त किया। उन्होंने इसे कानून-व्यवस्था सुदृढ़ करने की दिशा में समाज और सुरक्षा के हित में एक सराहनीय पहल बताया।




