चारभुजा नाथ मंदिर में वास्तु शिला स्थापना, ग्राम गुठलई में निकला भव्य चल समारोह

मक्सी। उज्जैन जिले की तराना तहसील अंतर्गत ग्राम गुठलई में करोड़ों रुपये की लागत से निर्मित होने वाले श्री चारभुजा नाथ मंदिर की वास्तु शिला स्थापना सोमवार, 29 दिसम्बर 2025 को विधिवत धार्मिक विधि-विधान के साथ संपन्न हुई। इस पावन अवसर पर ग्राम में भव्य चल समारोह निकाला गया, जिसमें हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर आस्था प्रकट की।
वास्तु शिला पूजन एवं स्थापना का कार्यक्रम पंडित राजेश्वर जी नागर द्वारा मंत्रोच्चार के साथ सम्पन्न कराया गया। आयोजन में देवधाम मनासा के मुख्य पुजारी चरण सिंह गुर्जर, देवधाम लोध, देवधाम सामानेरा के दैवतुल्य पंडाजी, बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन से पधारे सत्तश्री श्रीनाथ जी सहित क्षेत्र के संत, महंत एवं चारभुजा नाथ के हजारों भक्त उपस्थित रहे। पूजन-अनुष्ठान के दौरान मंत्रोच्चार से सम्पूर्ण वातावरण भक्तिमय हो गया।
धार्मिक आयोजन के साथ समाज की ऐतिहासिक परंपरा भी श्रद्धापूर्वक स्मरण की गई। बताया गया कि गुर्जर समाज के पूर्वज लगभग 1300 वर्ष पूर्व मेवाड़ (राजस्थान) से 60 बैलगाड़ियों के काफिले के साथ मध्यप्रदेश आए थे, जिनके साथ भगवान चारभुजा नाथ की प्रतिमा भी थी। यात्रा के दौरान पहले पड़ाव पर एक बैलगाड़ी का पहिया टूटने को भगवान की इच्छा मानते हुए उसी स्थान पर निवास का निर्णय लिया गया। यही स्थल आगे चलकर ग्राम गुठलई के रूप में विकसित हुआ।
उल्लेखनीय है कि उन 60 बैलगाड़ियों के पूर्वजों द्वारा 60 गांव बसाए गए, जो आज उज्जैन, शाजापुर, आगर और देवास जिलों में स्थित हैं।
इसी ऐतिहासिक आस्था और परंपरा को आगे बढ़ाते हुए ग्राम गुठलई में राजस्थान के गुलाबी पत्थरों से लगभग 2 करोड़ रुपये की लागत से भव्य श्री चारभुजा नाथ मंदिर का निर्माण किया जा रहा है। मंदिर निर्माण से क्षेत्र की धार्मिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक पहचान को नया आयाम मिलने की उम्मीद है।
चल समारोह के दौरान ग्राम में उत्सव जैसा माहौल रहा और श्रद्धालुओं ने जयकारों के साथ भगवान चारभुजा नाथ के प्रति अपनी गहरी आस्था प्रकट की।




