थाना प्रभारी हितेश पाटिल को फिर सफलता, पेट्रोल पंप के केशियर से ₹2 लाख की लूट का 15 दिन में खुलासा

4 आरोपी गिरफ्तार, ऑपरेशन त्रिनेत्रम से शत-प्रतिशत रकम बरामद
देवास | 28 दिसंबर 2025 | ट्रुथ 24 न्यूज़, थाना सिविल लाईन क्षेत्र में नायरा पेट्रोल पंप के केशियर से हुई करीब दो लाख रुपये की लूट की वारदात का देवास पुलिस ने मात्र 15 दिनों में खुलासा कर दिया है। थाना प्रभारी निरीक्षक हितेश पाटिल के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने चार आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए लूटी गई शत-प्रतिशत संपत्ति बरामद की है। यह थाना प्रभारी पाटिल के लिए एक और बड़ी सफलता मानी जा रही है।
रात में घर लौटते समय हुई लूट
दिनांक 13 दिसंबर 2025 की रात्रि नायरा पेट्रोल पंप उज्जैन रोड इटावा पर कार्यरत केशियर आनंद देशमुख पेट्रोल-डीजल विक्रय की ₹1,99,980 नगद राशि काले बैग में रखकर घर जा रहे थे। बीमा चौराहे के आगे मोटरसाइकिल पर सवार तीन बदमाशों ने उन्हें धक्का देकर गिराया और बैग छीनकर फरार हो गए।
सीसीटीवी फुटेज से मिली अहम कड़ी
घटना की रिपोर्ट पर थाना सिविल लाईन में अपराध क्रमांक 669/2025 धारा 309(6) व 61 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोत के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया व नगर पुलिस अधीक्षक सुमित अग्रवाल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी हितेश पाटिल के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच कर आरोपियों की पहचान की।
पेट्रोल पंप कर्मचारी निकला साजिशकर्ता
जांच के दौरान पेट्रोल पंप कर्मचारी सूरज उर्फ सुर्या परमार को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उसने प्रेम संबंध और पैसों की जरूरत के चलते वारदात की साजिश रचने की बात कबूल की। उसकी निशानदेही पर तीन अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
चार आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने सूरज उर्फ सुर्या परमार, अरुण उर्फ करण मेवाती, मोहित उर्फ कालीचरण घावरी, विकास उर्फ तेजा सोंलकी को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया।
लूट का पूरा माल बरामद
पुलिस ने बजाज पल्सर एनएस मोटरसाइकिल, ₹1,16,700 नगद, सोने-चांदी के आभूषण, वाशिंग मशीन, फर्नीचर, लूटा गया बैग, दस्तावेज तथा बैंक खातों में जमा ₹39,000 की राशि होल्ड कर शत-प्रतिशत मश्रुका बरामद किया।
देवास पुलिस का शानदार रिकॉर्ड
वर्ष 2025 में देवास जिले में दर्ज सभी 17 लूट प्रकरणों का खुलासा कर देवास पुलिस ने शत-प्रतिशत सफलता दर्ज की है। संपत्ति संबंधी अपराधों में भी 80 प्रतिशत से अधिक रिकवरी कर पुलिस ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है




